Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
बिलासपुर। रतनपुर पुलिस ने बेलतरा स्थित ग्रामीण बैंक एवं एटीएम में सेंध लगाकर चोरी और चोरी के प्रयास के मामले का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया स्टेबलाइजर, राउटर, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, बैंक की दीवार, लॉकर एवं एटीएम तोड़ने में इस्तेमाल किए गए लोहे के धारदार गैंती और टंगिया भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज होना बताया गया है।
पुलिस के अनुसार 6 जुलाई 2026 को बेलतरा ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 जुलाई की शाम बैंक बंद कर सभी कर्मचारी अपने-अपने घर चले गए थे। सोमवार सुबह बैंक खोले जाने पर कर्मचारियों ने देखा कि बैंक के पीछे की दीवार में सेंध लगाई गई है। सूचना मिलने पर शाखा प्रबंधक मौके पर पहुंचे और बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई।
जांच में पता चला कि अज्ञात चोर बैंक में लगे राउटर और बैंक परिसर के बाहर स्थापित स्टेबलाइजर चोरी कर ले गए थे। इसके साथ ही बैंक के लॉकर और एटीएम को धारदार गैंती एवं टंगिया से तोड़कर नकदी चोरी करने का प्रयास भी किया गया था। हालांकि आरोपियों को नकदी हाथ नहीं लग सकी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना रतनपुर में अपराध दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई। उनके निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर बैंक और आसपास के सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया, जिसके आधार पर फुटेज में दिखाई दे रहे संदेहियों की पहचान की गई।
पुलिस ने सबसे पहले सुमेष कश्यप उर्फ सोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की पूरी वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
सुमेष कश्यप उर्फ सोनू (29 वर्ष), निवासी नेवसा
सूरज कुमार विश्वकर्मा (26 वर्ष), निवासी गिधौरी
नवीन कुमार बैसवाड़े (28 वर्ष), निवासी नेवसा
खिकराम खैरवार उर्फ विक्की (25 वर्ष), निवासी गिधौरी
प्रकाश यादव उर्फ बौना (19 वर्ष), निवासी गिधौरी, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया राउटर एवं स्टेबलाइजर, वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, लोहे की धारदार गैंती और टंगिया बरामद कर जब्त कर लिया है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक नीलाकर सेठ, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक आकाश डोंगरे एवं देवानंद चंद्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रतनपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से बैंक चोरी की बड़ी वारदात का समय रहते खुलासा हो गया और क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सतर्कता एवं प्रभावी कार्यशैली एक बार फिर सामने आई।



