Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
रतनपुर। रत्नदेव साहित्यिक एवं सांस्कृतिक समिति की वार्षिक बैठक रविवार को श्री राधा माधव धाम में आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री राधा माधव की पूजा-अर्चना से हुआ। इसके पश्चात समिति की वार्षिक गतिविधियों की समीक्षा, आगामी कार्ययोजना तथा नई कार्यकारिणी के गठन पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में वरिष्ठ सदस्य बलराम पांडे ने वर्षभर की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए समिति के नए पदाधिकारियों के चुनाव संबंधी जानकारी दी। उपस्थित सभी सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त किए और सर्वसम्मति से समिति के संस्थापक सदस्य एवं वरिष्ठ साहित्यकार बलराम पांडे को अध्यक्ष नियुक्त किया।
नई कार्यकारिणी में श्रीमती सुशीला ठाकुर एवं प्रमोद कश्यप को उपाध्यक्ष, बालकृष्ण मिश्रा को सचिव, बुद्धिसागर सोनी को सह सचिव तथा राजेंद्र दुबे को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया।
वहीं संरक्षक मंडल में काशीराम साहू, रामेश्वर शांडिल्य एवं होरीलाल गुप्ता को शामिल किया गया। समिति के सदस्य के रूप में ओमप्रकाश दुबे, राजेंद्र मिश्रा, रामशरण धीवर, उस्मान कुरैशी, शिवकुमार धीवर एवं दिलीप धीवर का चयन किया गया।
बैठक में बताया गया कि पंजीकृत रत्नदेव साहित्यिक एवं सांस्कृतिक समिति विगत 28 वर्षों से रतनपुर की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। समिति द्वारा प्रत्येक वर्ष होली के अवसर पर प्रकाशित की जाने वाली साहित्यिक पत्रिका “रतनपुरिहा रंग होली के संग” को विशेष पहचान और लोकप्रियता प्राप्त है।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष बलराम पांडे ने कहा कि समिति शीघ्र ही आगामी वर्ष की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करेगी। इसके अंतर्गत विभिन्न महापुरुषों की जयंती, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक आयोजन तथा रतनपुर की लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक के अंत में समिति की पूर्व उपाध्यक्ष स्वर्गीय सरला तिवारी तथा पूर्व अध्यक्ष होरीलाल गुप्ता के पुत्र अमन गुप्ता के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद बैठक का समापन किया गया।




