Oplus_131072
जिओ टावर की स्थापना से 464 ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ
बुलंद टाइम्स न्यूज/सुरेश सोनी
नारायणपुर। नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ के दुर्गम वनांचल में स्थित ग्राम कलमानार में जिओ मोबाइल टावर की स्थापना के साथ क्षेत्र में संचार सुविधाओं का नया अध्याय शुरू हुआ है। वर्षों से नेटवर्क की समस्या से जूझ रहे ग्रामीण अब अपने गांव में ही निर्बाध मोबाइल एवं इंटरनेट सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
विकासखंड ओरछा के ग्राम कलमानार तथा समीपस्थ ग्राम पोकानार सहित आसपास के क्षेत्र लंबे समय तक नेटवर्क सुविधा से वंचित रहे। मोबाइल पर बातचीत करने अथवा इंटरनेट का उपयोग करने के लिए ग्रामीणों को गांव से बाहर ऊंचे स्थानों तक जाना पड़ता था। जिओ टावर स्थापित होने के बाद यह समस्या समाप्त हो गई है और ग्रामीणों को उनके गांव में ही बेहतर संचार सुविधा उपलब्ध होने लगी है।
कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा कि अबूझमाड़ जैसे दुर्गम क्षेत्रों में संचार सुविधाओं का विस्तार शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। कलमानार में मोबाइल टावर की स्थापना केवल नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शासन की योजनाओं और सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि भविष्य में ऐसे अन्य दूरस्थ क्षेत्रों में भी मोबाइल नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा।
इस मोबाइल टावर से ग्राम कलमानार के 144 तथा ग्राम पोकानार के 320 नागरिकों सहित कुल 464 ग्रामीणों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
आपातकालीन सेवाओं तक पहुंचेगी त्वरित सहायता…
बेहतर मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध होने से अब ग्रामीण आवश्यकता पड़ने पर 108 एंबुलेंस सेवा, स्वास्थ्य संस्थानों तथा प्रशासनिक अधिकारियों से तत्काल संपर्क स्थापित कर सकेंगे। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर सहायता और उपचार सुनिश्चित हो सकेगा।
डिजिटल सेवाओं और योजनाओं का मिलेगा लाभ…
मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता से अब शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समय पर ग्रामीणों तक पहुंच सकेगी। साथ ही डिजिटल भुगतान, ऑनलाइन आवेदन, बैंकिंग सेवाएं, आधार आधारित सेवाएं तथा अन्य ई-गवर्नेंस सुविधाओं का लाभ भी ग्रामीण अपने क्षेत्र में ही प्राप्त कर सकेंगे। इससे पारदर्शिता बढ़ने के साथ-साथ समय और संसाधनों की भी बचत होगी।
स्थानीय ग्रामीणों ने जिओ मोबाइल टावर की स्थापना पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया है। उनका कहना है कि संचार सुविधा उपलब्ध होने से शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग और प्रशासनिक सेवाओं तक पहुंच पहले की तुलना में अधिक आसान होगी। यह पहल अबूझमाड़ के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।




