Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज, रतनपुर। बिलासपुर जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में पुलिस विभाग द्वारा अधिकारियों को मैदानी स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। इसी क्रम में डी जी पी अरुण देव गौतम ने रतनपुर थाने के प्रभारी के रूप में पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने से पहले उन्होंने प्रसिद्ध मां महामाया देवी मंदिर पहुंचकर विधिवत दर्शन-पूजन किया और क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
पदभार ग्रहण करने के बाद डी जी पी अरुण देव गौतम ने थाना परिसर का निरीक्षण किया तथा पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था एवं अपराध संबंधी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को अपराधों की रोकथाम, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुनने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध पर सख्ती के साथ-साथ आम नागरिकों के साथ पुलिस का व्यवहार सहयोगात्मक और संवेदनशील होना चाहिए। थाना क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित गश्त, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई पर विशेष जोर देने की बात कही।
थाना परिसर में किया वृक्षारोपण
पदभार ग्रहण करने के अवसर पर डी जी पी अरुण देव गौतम ने थाना परिसर में वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया। थाना परिसर में लगाए गए पौधों की देखरेख की जिम्मेदारी भी पुलिसकर्मियों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन एसपी कार्यालय का भी निरीक्षण किया और वहां चल रहे निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार एवं व्यवस्थाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ निरीक्षण
रतनपुर थाना निरीक्षण एवं पदभार ग्रहण के दौरान आईजी रामगोपाल गर्ग, एसएसपी रजनेश सिंह, एएसपी मधुलिका सिंह, एएसपी पंकज पटेल, सीएसपी गगन कुमार सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डी जी पी अरुण देव गौतम ने कहा कि रतनपुर धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आवागमन होता है। ऐसे में कानून-व्यवस्था के साथ यातायात व्यवस्था, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम और आम जनता की शिकायतों के त्वरित निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय और आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास पैदा करना है। उन्होंने थाना क्षेत्र के लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
नए थाना प्रभारी के पदभार ग्रहण करने के बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। वहीं क्षेत्रवासियों ने भी उम्मीद जताई है कि नई जिम्मेदारी के साथ रतनपुर में पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।




