Oplus_131072
केंद्रीय मंत्री तोखन साहू सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने की शिरकत, नगर के प्रमुख मार्गों से होकर मां महामाया चौक पहुंची तिरंगा यात्रा
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
रतनपुर। आजादी और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा महिला मोर्चा रतनपुर के तत्वावधान में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में भाजपा महिला कार्यकर्ताओं एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ यात्रा में हिस्सा लिया। भारत माता के जयघोष और देशभक्ति के नारों से रतनपुर का वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।
तिरंगा यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू शामिल हुए। उनके साथ भाजपा जिला ग्रामीण अध्यक्ष मोहित जायसवाल, रतनपुर मंडल अध्यक्ष दुर्गा बबलू कश्यप, नगर पालिका परिषद रतनपुर अध्यक्ष लव कुश कश्यप सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
नगर पालिका परिषद से शुरू हुई यात्रा…
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ नगर पालिका परिषद रतनपुर से किया गया। इसके बाद यात्रा पुराना बस स्टैंड, हाई स्कूल चौक, मस्जिद चौक, बाजार एवं बड़ी बाजार सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मां महामाया चौक पहुंची, जहां यात्रा का समापन किया गया।
यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में लहराता तिरंगा और देशभक्ति के नारों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। रास्ते में स्थानीय नागरिकों ने भी तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश…
मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए तिरंगे के सम्मान और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल देश की पहचान नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की प्रगति में अपना योगदान देना चाहिए।
मोहित जायसवाल ने कहा—तिरंगा हमारी आन, बान और शान
भाजपा जिला ग्रामीण अध्यक्ष मोहित जायसवाल ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता समाज में राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से देशहित और संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
लव कुश कश्यप ने जताया उत्साह…
नगर पालिका परिषद रतनपुर के अध्यक्ष लव कुश कश्यप ने कहा कि रतनपुर की जनता हमेशा राष्ट्रहित और सामाजिक एकता के आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेती रही है। तिरंगा यात्रा में जिस तरह नगरवासियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साह दिखाया, वह गौरव की बात है। उन्होंने सभी नागरिकों से राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देश की एकता-अखंडता के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहने की अपील की।
बबलू कश्यप ने कार्यकर्ताओं का बढ़ाया उत्साह
रतनपुर मंडल अध्यक्ष दुर्गा बबलू कश्यप ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य प्रत्येक कार्यकर्ता और नागरिक के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल हुए महिला मोर्चा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
महिला मोर्चा की बड़ी भागीदारी
जिला बिलासपुर महिला मोर्चा ग्रामीण अध्यक्ष गायत्री साहू ने कहा कि देश की प्रगति और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। महिला मोर्चा द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा में महिलाओं की बड़ी भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि राष्ट्रभक्ति के प्रति महिलाओं में भी उतना ही उत्साह और समर्पण है।
कार्यक्रम में रतनपुर महिला मोर्चा अध्यक्ष राजकुमारी बिसेन, गायत्री साहू, शीलू साहू सहित महिला मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इसके अलावा भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सदस्य भी तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। पूरे आयोजन के दौरान रतनपुर में देशभक्ति का माहौल बना रहा।




