Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
रतनपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रतनपुर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने यात्रा में सहभागिता की। पूरे नगर में भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से माहौल देशभक्तिमय बना रहा।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ
नगर पालिका परिषद रतनपुर के अध्यक्ष लव कुश कश्यप एवं रतनपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष दुर्गा बबलू कश्यप ने किया। दोनों नेताओं की अगुवाई में विशाल तिरंगा यात्रा महामाया कॉलेज परिसर से प्रारंभ हुई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आगे बढ़ी।
यात्रा कॉलेज से निकलकर मुख्य मार्ग, गांधीनगर, थाना परिसर क्षेत्र, भीम चौक, हमारे चौक, पुराना बस स्टैंड और हाई स्कूल क्षेत्र से होते हुए शहीद नूतन सोनी हायर सेकेंडरी स्कूल पहुंची, जहां यात्रा का समापन किया गया। इस दौरान मार्ग में जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया और युवाओं का उत्साह बढ़ाया।
युवाओं में दिखा देशभक्ति का उत्साह
तिरंगा यात्रा में नगर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं के साथ एबीवीपी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने पूरे नगर का वातावरण राष्ट्रप्रेम से भर दिया।
लव कुश कश्यप ने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का किया आह्वान
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष लव कुश कश्यप ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में अपने विचारों और सपनों को पूरा करने के लिए स्वतंत्र हैं। उन्होंने युवाओं से देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत होगी तो देश और तेजी से प्रगति करेगा।
दुर्गा बबलू कश्यप ने कहा—तिरंगा हमें एकता का संदेश देता है
रतनपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष दुर्गा बबलू कश्यप ने कहा
तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान और समर्पण की भावना को व्यक्त करने का माध्यम है। तिरंगा हमें जाति, धर्म और क्षेत्र से ऊपर उठकर एक भारत की भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश देता है। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं से देश के विकास में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
एबीवीपी अध्यक्ष अरविंद चंदेल ने जताया आभार
एबीवीपी अध्यक्ष अरविंद चंदेल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर निकाली गई तिरंगा यात्रा का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने यात्रा में शामिल सभी छात्र-छात्राओं, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।
तिरंगा यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक इंतजाम किए गए। यात्रा के समापन के बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए अपना योगदान देने का संकल्प लिया। भव्य तिरंगा यात्रा ने रतनपुर में स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और अधिक यादगार बना दिया।




