बुलंद टाइम्स न्यूज़/अमित दुबे
रतनपुर। सरयूपारी ब्राह्मण महिला सभा, रतनपुर के तत्वावधान में ऐतिहासिक हाथी किला परिसर में सावन सुंदरी प्रतियोगिता एवं विभिन्न मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। सावन के उल्लास और भारतीय संस्कृति की परंपराओं से सराबोर इस कार्यक्रम में महिला सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान जगन्नाथ एवं राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुआ।
आयोजन के दौरान महिलाओं के लिए चना के ऊपर चूड़ी फेंकने, कुर्सी दौड़ और स्टिक गेम सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। चना के ऊपर चूड़ी फेंकने की प्रतियोगिता में शांता तिवारी ने प्रथम, रश्मि शर्मा ने द्वितीय तथा नीलू पांडे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कुर्सी दौड़ में विजेता शर्मा प्रथम, खुशबू शर्मा द्वितीय एवं सरला मिश्रा तृतीय रहीं।
इसी क्रम में आयोजित स्टिक खेल प्रतियोगिता में रंभा दुबे ने प्रथम, सुनीता शर्मा ने द्वितीय, जबकि स्वीटी शर्मा एवं खुशबू शर्मा ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिताओं के दौरान महिलाओं ने उत्साह और उमंग के साथ हिस्सा लिया तथा कार्यक्रम स्थल पर सावन की खुशियों का माहौल देखने को मिला।
साधना शर्मा के सिर सजा ‘सावन सुंदरी’ का ताज
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सावन सुंदरी प्रतियोगिता रही, जिसमें कुल छह प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने सावन की पारंपरिक थीम, परिधान, श्रृंगार और प्रस्तुति के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायकों द्वारा विभिन्न पहलुओं के आधार पर मूल्यांकन किया गया, जिसमें साधना शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर वर्ष 2026 की ‘सावन सुंदरी’ का खिताब अपने नाम किया।
साधना शर्मा ने अपनी आकर्षक प्रस्तुति और सावन के विभिन्न रंगों को खूबसूरती से प्रस्तुत कर निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया। विजेता घोषित होने के बाद महिला सदस्यों ने उन्हें बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में आंचल दुबे एवं उनकी सहेली राधा-कृष्ण के स्वरूप में विशेष रूप से उपस्थित हुईं, जिसने आयोजन को धार्मिक एवं सांस्कृतिक रंग प्रदान किया। राधा-कृष्ण की झांकी ने उपस्थित महिलाओं और अतिथियों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
महिला सभा की अध्यक्ष लक्ष्मी पांडेय ने कहा
महिला सभा की अध्यक्ष लक्ष्मी पांडेय ने कहा कि सावन सुंदरी एवं खेल प्रतियोगिता जैसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी मेल-जोल और सामाजिक एकता को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के लिए ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों का निरंतर आयोजन जरूरी है। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी महिला सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष लक्ष्मी पांडेय, स्वीटी शर्मा, प्रीति शर्मा, शांता तिवारी, वंदनी मिश्रा, अंजली मिश्रा, चंद्रकांता शर्मा, नीलू पांडे, जयंती मिश्रा, रश्मि शर्मा, रंभा दुबे, अन्नपूर्णा शर्मा, पूनम जोशी, रजनी शर्मा, शुभा तिवारी, लीना दुबे, अनुभव पांडे, प्रतिभा दुबे, लता पांडे, पुष्पा तिवारी एवं राजेश्वरी दुबे सहित महिला ब्राह्मण सभा के सदस्य एवं पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पूरे आयोजन के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
खेल प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सावन सुंदरी प्रतियोगिता ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। आयोजन के समापन पर विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।




