Oplus_131072
ग्रामीण परेशान, बाढ़ में थम जाती है जिंदगी।
बुलंद टाइम्स न्यूज/योगेश्वर साहू
फिंगेश्वर। विकास खण्ड फिंगेश्वर अंतर्गत ग्राम पंचायत चैतरा के आश्रित ग्राम रवेली के नाले की पुलिया पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। 5 साल से टूटी पड़ी इस पुलिया के कारण ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है।
क्या है मामला ?
यह पुलिया ही चैतरा और रवेली को फिंगेश्वर विकासखण्ड से जोड़ने का मुख्य मार्ग है। पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण यात्रियों को घुमावदार और लंबे रास्ते से आना-जाना पड़ता है।
बरसात के दिनों में हालात और बिगड़ जाते हैं। नाले में बाढ़ आ जाने से किसानों और स्कूली छात्र-छात्राओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार बच्चे स्कूल नहीं जा पाते और किसान अपनी फसल बाजार तक नहीं ले जा पाते।
अधिकारी नहीं दे रहे ध्यान…
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 5 वर्षों से पुलिया की यही स्थिति है। इसकी शिकायत कई बार संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों से की गई, लेकिन आज तक कोई ध्यान नहीं दिया गया।
इस उपेक्षा को लेकर ग्राम पंचायत चैतरा और रवेली के ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि रवेली नाले की पुलिया को जल्द से जल्द नए सिरे से बनवाया जाए, ताकि आवागमन सुचारू हो सके।




