Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
रतनपुर। हेलीपेड रतनपुर के पास धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले राहगीरों को डराने-धमकाने की सूचना पर रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आदतन निगरानी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू बरामद कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 अगस्त 2026 को थाना रतनपुर में सूचना प्राप्त हुई कि कोरबाभावर रतनपुर निवासी नवीन इंदूवा हेलीपेड रतनपुर के पास धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने तत्काल उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी और आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम गठित की।
पुलिस टीम तत्काल हेलीपेड रतनपुर के पास पहुंची और घेराबंदी कर मौके पर चाकू लहराते हुए आरोपी नवीन इंदूवा पिता मनीराम, उम्र 24 वर्ष, निवासी कोरबाभावर रतनपुर, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया गया।
आरोपी को चाकू सहित थाना लाकर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से टली अप्रिय घटना…
हेलीपेड जैसे सार्वजनिक स्थान के पास हथियार लेकर लोगों को भयभीत करने की सूचना पर पुलिस की तत्काल कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस की सक्रियता से संभावित अप्रिय स्थिति को समय रहते नियंत्रित किया गया। रतनपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर भय का माहौल बनाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इनकी रही विशेष भूमिका…
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक दिनेश कांत एवं आरक्षक पवन ठाकुर का विशेष योगदान रहा।
गिरफ्तार आरोपी:
नवीन इंदूवा पिता मनीराम, उम्र 24 वर्ष, निवासी कोरबाभावर रतनपुर, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़)




