Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
रतनपुर। नगर में नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से पूर्व भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद नीतू सिंह क्षत्रिय के नेतृत्व में नशा मुक्ति अभियान रैली निकाली गई। रैली में नगर की बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए समाज को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
रैली के दौरान महिलाओं ने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाते हुए लोगों से नशे की आदत छोड़ने तथा युवा पीढ़ी को नशे से बचाने की अपील की। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आगे बढ़ी। इस दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। हाथों में जागरूकता संदेश लिए महिलाओं ने नशा मुक्ति को लेकर लोगों को जागरूक किया।
इस अवसर पर नीतू सिंह क्षत्रिय ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि इसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। आज जरूरत है कि हम सभी मिलकर नशे के खिलाफ सामाजिक आंदोलन खड़ा करें। विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए परिवार, समाज और प्रशासन को मिलकर लगातार प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भूमिका समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण है और इसी उद्देश्य से नशा मुक्ति अभियान के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नशे की वजह से परिवारों में आर्थिक, सामाजिक और मानसिक परेशानियां बढ़ती हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को नशे के खिलाफ जागरूक होकर अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के बारे में बताना चाहिए। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपने परिवार और बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए निरंतर जागरूकता का प्रयास करें।
वहीं रैली का स्वागत करते हुए रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडेय ने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान समाज के लिए बेहद जरूरी है। पुलिस प्रशासन नशे के अवैध कारोबार और नशे के दुष्प्रभावों को रोकने के लिए लगातार कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता पर भी जोर दे रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय से ही नशामुक्त समाज की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं।
थाना प्रभारी ने महिलाओं द्वारा निकाली गई रैली की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लोगों को नशे के खिलाफ एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि उनके आसपास नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री या किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना पुलिस को दें।
रैली के माध्यम से महिलाओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि नशे को ना कहें, स्वस्थ और सुरक्षित समाज की ओर बढ़ें। नगरवासियों ने भी अभियान की सराहना करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का संकल्प व्यक्त किया।




