Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/सुरेश सोनी
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के बैनर तले शिक्षक संवर्ग की विभिन्न लंबित मांगों एवं समस्याओं के निराकरण को लेकर आज जिला नारायणपुर में शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। इस दौरान शिक्षकों द्वारा प्रदर्शन/आंदोलन करते हुए जिला प्रशासन के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री, स्कूल शिक्षा मंत्री, मुख्य सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव एवं संचालक लोक शिक्षण संचालनालय के नाम कलेक्टर, जिला नारायणपुर को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में शिक्षक संवर्ग के हितों से संबंधित प्रमुख मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की गई। इनमें प्रमुख रूप से—
1. TET (टेट) की अनिवार्यता समाप्त कर सेवारत शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
2. पूर्व सेवा की गणना पंचायत संवर्ग में प्रथम नियुक्ति तिथि से करते हुए उसका लाभ पेंशन सहित शिक्षा विभाग में लागू किया जाए।
3. केंद्रीय वेतनमान के आधार पर शिक्षक संवर्ग के लंबित वेतन विसंगति को दूर करते हुए वेतन निर्धारण किया जाए।
4. राजपत्र संशोधन करते हुए आवश्यक संशोधन किए जाएं तथा एल.बी. संवर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में आवश्यक सुधार किया जाए।
5. ब्रिज कोर्स के माध्यम से बी.एड. प्रशिक्षण की व्यवस्था शिक्षा विभाग द्वारा योजना बनाकर कराई जाए, ताकि शिक्षक संवर्ग की शैक्षणिक एवं सेवा संबंधी समस्याओं का समाधान हो सके।
शिक्षक संघर्ष मोर्चा के जिला संयोजकों ने कहा कि शिक्षक लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों के निराकरण की अपेक्षा कर रहे हैं। शिक्षकों ने शासन से मांगों पर संवेदनशीलता पूर्वक विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय एवं आदेश जारी करने का आग्रह किया है।
इस अवसर पर अजय तिवारी, करनैल सिंह ठाकुर एवं ओंकार सिंह सहित शिक्षक संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
— छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा, जिला नारायणपुर




