Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज, गरियाबंद। क्षेत्र में भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन का त्योहार पूरे पारंपरिक हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। सुबह से ही क्षेत्र के घरों में उत्सव का माहौल देखने को मिला।बहनों ने पूजा की थाली सजाकर अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया, आरती उतारी और कलाई पर रेशम की डोर (राखी) बांधकर उनकी लंबी उम्र व उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं भाइयों ने भी अपनी बहनों को रक्षा का वचन देते हुए मनपसंद उपहार भेंट किए।
बाजारों में रही रौनक
त्योहार को लेकर पिछले दो दिनों से मैनपुर के मुख्य बाजारों में खासी चहल-पहल रही। मिठाई, कपड़ों और राखियों की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी। दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाली बहनें भी अपने भाइयों के घर पहुंचीं, जिससे बसों और यात्री वाहनों में भी अच्छी-खासी भीड़ नजर आई।
सामूहिक और सांस्कृतिक आयोजन…
क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों और सामाजिक संस्थाओं द्वारा भी रक्षाबंधन के अवसर पर संक्षिप्त कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पुलिस व सुरक्षा बल के जवानों को भी स्थानीय बहनों ने रक्षासूत्र बांधकर उनकी दीर्घायु की कामना की और उनके द्वारा निभाई जा रही निष्ठावान सेवा के लिए धन्यवाद दिया।पूरे मैनपुर क्षेत्र में दिनभर खुशियों का माहौल रहा और शाम को परिवारों ने एक साथ मिलकर त्योहार का आनंद उठाया।




