Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/योगेश्वर साहू
सहसपुर/फिंगेश्वर। फिंगेश्वर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सहसपुर के बजरंग चौक स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के पास बनी नाली पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। नाली टूटकर ध्वस्त हो गई है, जिससे गंदा पानी मंदिर परिसर और मुख्य मार्ग पर बह रहा है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार…
नाली की यह दुर्दशा कई महीनों से बनी हुई है। बरसात में गंदगी और जलभराव से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुर्गंध के कारण आसपास के दुकानदार और ग्रामीण परेशान हैं, वहीं मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है।
पंचायत को अवगत कराया, फिर भी ध्यान नहीं –
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत सहसपुर को अवगत कराया गया है, लेकिन पंचायत के द्वारा इस ओर बिल्कुल भी ध्यान केंद्रित नहीं किया जा रहा है। पंचायत चुप्पी साधे हुए है और कोई सुधार कार्य नहीं कराया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि पंचायत केवल कागजों में विकास दिखा रही है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही है।
ग्रामीणों ने जनपद पंचायत फिंगेश्वर और जिला प्रशासन से मांग की है कि मंदिर जैसे सार्वजनिक स्थल की नाली का तत्काल पुनर्निर्माण कराया जाए और लापरवाह पंचायत पर कार्रवाई की जाए।




