Oplus_131072
जनचौपाल में हितग्राहियों से किया संवाद।
बुलन्द टाइम्स न्यूज/अमरजीत सिंह
कोरिया/बैकुंठपुर। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के निर्देशन में आज जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी योगेन्द्र श्रीवास ने बैकुण्ठपुर जनपद पंचायत के विभिन्न ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर विभागीय योजनाओं की प्रगति का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होने ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना तथा विकसित भारत जीरामजी अंतर्गत हो रहे कार्यो का निरीक्षण कर संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इस दौरान सम्बंधित अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
आवास कार्यों की प्रगति लाने चौपाल का आयोजन…
कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में प्रगतिरत आवासों को समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए हितग्राहियों से निरंतर संवाद किया जा रहा है। इसके लिए जिले की टीम प्रतिदिन दो से तीन ग्राम पंचायतों में जाकर लंबित आवासों की समीक्षा कर हितग्राहियों से संवाद कर रही है। इसी क्रम में आज विकासखंड बैकुंठपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत मनसुख में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत जिला पंचायत सीईओ ने जनचौपाल में हितग्राहियों से बात की। जनचौपाल के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत अपूर्ण आवासों के हितग्राहियों से संवाद कर आवास निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए, उन्होने हितग्राहियों को निर्धारित समय-सीमा में आवास निर्माण पूर्ण करने को कहा।
समय-सीमा और गुणवत्ता दोनों महत्वपूर्ण…
विकसित भारत जीरामजी योजनांतर्गत स्वीकृत हुए बालिका शौचालय निर्माण कार्य तथा मुक्तिधाम शेड के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सीईओ श्री श्रीवास ने कहा कि ग्राम पंचायतों में विकास के लिए बनाए जा रहे संसाधनों में गुणवत्ता के साथ समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें। उन्होने निर्माण एजेंसियों को विभागीय योजनाओं के सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण करने हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए।




