Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/गणेश भोय
तमता। मौसम में बदलाव के साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ने लगा है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ ने इन्फ्लूएंजा ए (H1N1) यानी स्वाइन फ्लू से बचाव और रोकथाम के लिए आमजन हेतु एडवायजरी जारी की है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से बीमारी के लक्षणों को समय पर पहचानने और जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार लेने की अपील की है।
पत्थलगांव ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी (बीएमएचओ) डॉ. जेम्स मिंज ने बताया कि फिलहाल पत्थलगांव विकासखंड क्षेत्र में इन्फ्लूएंजा ए (H1N1) का कोई मामला सामने नहीं आया है और स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
उन्होंने बताया कि शासन से जारी गाइडलाइन के तहत उप स्वास्थ्य केंद्रों के स्वास्थ्य अमले एवं स्टाफ की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। फील्ड स्तर पर कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों को स्वच्छता, सुरक्षित पानी के उपयोग और संक्रमण से बचाव के उपायों के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।
ये हैं H1N1 के प्रमुख लक्षण…
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, किसी व्यक्ति में निम्नलिखित लक्षण दिखाई देने पर सतर्कता बरतनी चाहिए
अत्यधिक थकान और भूख न लगना,खांसी और गले में खराश,मतली और उल्टी की शिकायत,जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द,लगातार नाक बहना,तेज बुखार,सिरदर्द,दस्त की शिकायत एवं
संक्रमण से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को साफ-सफाई और सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों से बार-बार साबुन और पानी से हाथ धोने की अपील की गई है। खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को रुमाल या टिश्यू से ढंकना चाहिए।
बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर अनावश्यक रूप से बाहर जाने से बचें, घर पर पर्याप्त आराम करें और शरीर में पानी की कमी न होने दें। पर्याप्त मात्रा में पानी एवं अन्य तरल पदार्थों का सेवन करें।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, सामान्य इन्फ्लूएंजा के लक्षण पर्याप्त आराम, संतुलित आहार और प्राथमिक देखभाल से ठीक हो सकते हैं। हालांकि, यदि लक्षण 5 से 6 दिनों से अधिक समय तक बने रहें, स्थिति गंभीर होने लगे या मरीज पहले से किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हो तो बिना देरी किए नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए।
बीएमएचओ डॉ. जेम्स मिंज ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के गंभीर लक्षण दिखाई देने पर घबराने के बजाय स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों का पालन करें और समय पर चिकित्सकीय सलाह लें।




