Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/ईश्वर सिंह प्रधान
रतनपुर। नगर के वार्ड क्रमांक 3 में कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर डीजे की धुन पर मटकी फोड़ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। युवाओं ने मानव पिरामिड बनाकर मटकी फोड़ी, जिसके बाद पूरा परिसर जय श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री निलेश पांडेय, थाना प्रभारी रतनपुर रहे। उनकी उपस्थिति में कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।
वहीं महामाया प्रांगण में भी भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की थीम पर मनमोहक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। उनकी शानदार प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने तालियों से उत्साहवर्धन किया।
कृष्ण जन्माष्टमी के इस आयोजन में धार्मिक आस्था, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों का सुंदर संगम देखने को मिला। पूरे आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।




