Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज, तमता। जशपुर जिले के पत्थलगांव वन परिक्षेत्र में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। करीब 11 से 12 हाथियों का दल पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में विचरण कर रहा है। हाथियों ने कई इलाकों में किसानों की धान और अरहर (रहड़) की खड़ी फसलों को रौंदकर नुकसान पहुंचाया है। इससे कुनकुरी, इंजको, इला, किलकिला, जोराडोल और तिलडेगा क्षेत्र के किसानों में चिंता बढ़ गई है।
हाथियों की मौजूदगी से जहां ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, वहीं कुछ लोग खतरे को नजरअंदाज कर हाथियों के करीब पहुंच रहे हैं। ग्रामीण फोटो और वीडियो बनाने के लिए हाथियों के नजदीक जा रहे हैं, जिससे मानव-हाथी संघर्ष का खतरा बढ़ गया है।
वन विभाग और पुलिस प्रशासन की टीम लगातार लोगों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दे रही है। विभाग के अनुसार, हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्रभावित फसलों का हाथियों के वहां से हटने के बाद आकलन किया जाएगा।
एक सप्ताह से कर रहा है दल विचरण…
स्थानीय उपसरपंच विनोद अम्बस्ठ ने बताया कि करीब एक सप्ताह से 12 हाथियों का दल क्षेत्र में विचरण कर रहा है। हाथियों का दल इला, डांडपहार और कुनकुरी क्षेत्र से होते हुए अब जोराडोल तक पहुंचा है। उन्होंने बताया कि हाथियों द्वारा धान और रहड़ की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। ग्रामीणों और किसानों ने शासन से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
पीड़ित किसान राजेश चौहान ने बताया कि हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय बना हुआ है। गांवों में छोटे बच्चे और मवेशी हैं, ऐसे में हाथियों के लगातार आसपास विचरण करने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि हाथियों द्वारा धान की फसल रौंदे जाने से किसानों की मेहनत पर पानी फिर रहा है। किसानों ने फसल नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग की है।
भीड़ को नियंत्रित करने में जुटी RRT और पुलिस…
पत्थलगांव वन परिक्षेत्र के रेंजर कृपासिंधु पैंकरा ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से करीब 12 हाथियों का दल क्षेत्र में विचरण कर रहा है। हाथियों को देखने के लिए कई स्थानों पर लोगों की भीड़ जमा हो रही थी, जिसे आरआरटी टीम, वन विभाग के कर्मचारियों और पुलिस की मदद से नियंत्रित किया गया।
उन्होंने बताया कि लोगों को लगातार समझाइश दी जा रही है कि वे हाथियों के नजदीक न जाएं और उनसे किसी प्रकार की छेड़छाड़ न करें। अब तक हाथियों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाया गया है। हाथियों के क्षेत्र से हटने के बाद वन विभाग की टीम प्रभावित फसलों का त्वरित आकलन करेगी।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों को देखने या फोटो-वीडियो बनाने के लिए उनके नजदीक न जाएं। सुरक्षित दूरी बनाए रखें और हाथियों के मूवमेंट की जानकारी मिलने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करें




