Oplus_131072
शिक्षक दिवस पर कोरिया के विद्यालयों में उत्साह और उमंग का माहौल।
उत्कृष्ट शिक्षिकाओं को मिला राज्यपाल पुरस्कार, अगले वर्ष के लिए दो नामों की घोषणा।
बुलन्द टाइम्स न्यूज //अमरजीत सिंह
कोरिया/बैकुंठपुर। भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर जिले के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों का पुष्पगुच्छ, डायरी एवं पेन भेंट कर तथा तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया।
शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सेवानिवृत्त एवं वरिष्ठ शिक्षकों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इस दौरान शिक्षकों के निस्वार्थ सेवाभाव, समर्पण और राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को स्मरण करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को मेहनत, ईमानदारी, अनुशासन एवं सत्य के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उत्कृष्ट शिक्षिकाओं को राज्यपाल पुरस्कार से किया गया सम्मानित
शिक्षक दिवस के गरिमामय अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली जिले की दो शिक्षिकाओं को प्रतिष्ठित राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इनमें शासकीय कन्या प्राथमिक शाला, जनपद बैकुंठपुर की शिक्षिका श्रीमती पूनम पांडे तथा पीएम श्री प्राथमिक शाला, बुढ़ार की शिक्षिका श्रीमती जया मिश्रा शामिल हैं।
अगले वर्ष दो शिक्षिकाओं को मिलेगा राज्यपाल पुरस्कार
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने वाली दो अन्य शिक्षिकाओं के नाम की भी घोषणा की गई। स्वामी आत्मानंद विद्यालय, खरवत की सहायक शिक्षिका श्रीमती प्रियंका पटेल तथा शासकीय माध्यमिक विद्यालय, सारा की शिक्षिका श्रीमती नीतू कुशवाहा को आगामी वर्ष राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई।
जिला प्रशासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिकाओं सहित जिले के सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण, सेवाभाव एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में योगदान की सराहना की। शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए उनके निरंतर मार्गदर्शन एवं सेवाओं के लिए आभार व्यक्त किया गया।




