Oplus_131072
आवासीय विद्यालयों में विद्यार्थियों से किया संवाद, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और चित्र प्रदर्शनी का किया अवलोकन…
बुलंद टाइम्स न्यूज/सुरेश सोनी
नारायणपुर। अबूझमाड़ के ओरछा क्षेत्र में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के आवासीय विद्यालयों का भ्रमण कर विद्यार्थियों से संवाद किया और विद्यालयों में उपलब्ध शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाओं की जानकारी ली।
वन मंत्री श्री कश्यप ने सबसे पहले एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, ओरछा का भ्रमण किया। यहां विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उनका स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, विद्यालय की व्यवस्थाओं और सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली तथा बच्चों की प्रतिभा की सराहना की।
इसके बाद उन्होंने पीएमश्री पोर्टाकेबिन आवासीय विद्यालय, ओरछा का निरीक्षण किया। विद्यार्थियों ने रोली-तिलक लगाकर उनका स्वागत किया। श्री कश्यप ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया और विद्यालय परिसर में भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता की सराहना करते हुए बच्चों को चॉकलेट वितरित की।
वन मंत्री श्री कश्यप ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, ओरछा का भी भ्रमण किया। यहां माता सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। छात्राओं द्वारा तैयार चित्र प्रदर्शनी में नारी शक्ति, सेना का शौर्य, विकसित भारत, डिजिटल इंडिया तथा नक्सलवाद एवं नक्सलवाद के विरुद्ध भारत जैसे विषयों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया गया था। मंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए छात्राओं की जागरूकता, कल्पनाशीलता और प्रतिभा की सराहना की।
इस अवसर पर वन मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और समाज एवं राष्ट्र के प्रति जागरूक होने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं रचनात्मक कार्यों की सराहना की। मंत्री श्री केदार कश्यप ने 5 नवम्बर को अपने जन्मदिवस के अवसर पर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, ओरछा के बच्चों के लिए अपनी ओर से “न्योता भोज” आयोजित कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ अपना जन्मदिवस मनाना मेरे लिए विशेष खुशी का अवसर होगा
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के सफल आयोजन के लिए शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, जनपद अध्यक्ष नरेश कोर्राम, उपाध्यक्ष मगडू राम नूरेटी, छोटे डोंगर सरपंच श्रीमती संध्या पवार,, जिला पंचायत सदस्य गुड्डू राम उसेंडी, राकेश ठाकुर, राजमन कोर्राम, नरेंद्र मेश्राम, राकेश उसेंडी, सुखराम पोडियम, दशरु उसेंडी, श्रीमती रमिला चौधरी, श्रीमती सरोज मछली, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चित्रकांत चाली ठाकुर, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व डॉ. सुमित गर्ग, जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र नाथ पांडे, जिला मिशन समन्वयक दीनबंधु रावटे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत अमित भाटिया, खंड शिक्षा अधिकारी संतु नुरुटी,खण्ड स्रोत समन्यवक ओरछा लक्ष्मीकांत सिंह सहित शिक्षा विभाग विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अबूझमाड़ के दुर्गम क्षेत्र ओरछा में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और शिक्षा के प्रति उत्साह को सामने लाने का अवसर मिल रहा है।




