Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज, फरसगांव, कोंडागांव। कोंडागांव जिले के विकासखंड फरसगांव अंतर्गत ग्राम कोनगुड़ और बारदा के बीच पिछले लगभग 6–7 वर्षों से सीमा को लेकर विवाद चला आ रहा है। दोनों ग्रामों के ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से जिला प्रशासन से सीमा विवाद का निराकरण कराने की मांग की जा रही है।

इसी सिलसिले में प्रशासन द्वारा दोनों ग्रामों की सीमा का निरीक्षण एवं नाप-जोख कर विवाद के समाधान का प्रयास किया गया। मौके पर राजस्व विभाग के अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) फरसगांव, राजस्व विभाग धनोरा, अनुविभागीय अधिकारी केशकाल, वन विभाग जोन केशकाल तथा पुलिस विभाग के अधिकारी एवं एसडीओपी फरसगांव मौजूद रहे।
नाप-जोख एवं सीमांकन की प्रक्रिया के दौरान सीमा को लेकर ग्राम कोनगुड़ के कुछ ग्रामीणों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक की स्थिति उत्पन्न हुई। राजस्व अभिलेखों एवं उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर सीमा निर्धारण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया, लेकिन मौके पर पूर्ण सहमति नहीं बन पाने के कारण विवाद का अंतिम निराकरण नहीं हो सका।
प्रशासन द्वारा दोनों ग्रामों के पक्षों को समझाइश देते हुए अगले 15 दिनों के भीतर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सीमा विवाद के निराकरण की दिशा में कार्रवाई करने की बात कही गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि राजस्व अभिलेख, शासकीय दस्तावेज एवं नियमानुसार सीमांकन के आधार पर दोनों ग्रामों के बीच वर्षों से चले आ रहे सीमा विवाद का निष्पक्ष एवं स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।




