Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/योगेश्वर साहू
राजिम। बुलंद टाइम्स न्यूज की खबर का बड़ा असर सामने आया है। राजिम से छुरा तक लगभग 45 किलोमीटर लंबे जर्जर मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का भूमिपूजन आज होने जा रहा है। इस मार्ग की बदहाली और क्षेत्रवासियों की परेशानी को बुलंद टाइम्स ने लगातार प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद शासन-प्रशासन ने इस पर संज्ञान लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजिम विधायक रोहित साहू के अथक प्रयासों एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सहयोग से लगभग 145 करोड़ रुपये की लागत से इस महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण होगा। यह मार्ग राजिम को छुरा होते हुए ओडिशा से जोड़ता है। साथ ही प्रसिद्ध पर्यटन स्थल घटारानी और जतमई धाम जाने के लिए भी यही मुख्य मार्ग है। सड़क खराब होने से श्रद्धालुओं और आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
आज का कार्यक्रम –
आज सुबह 11 बजे राजिम के भक्तिन माता चौक में विधायक रोहित साहू द्वारा विधि-विधान से भूमिपूजन किया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष , जनपद अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
भूमिपूजन के बाद विधायक का काफिला राजिम से छुरा के लिए रवाना होगा। काफिला बेलटुकरी, भैंसातरा, कौदकेरा, तरीघाट, कुंडेल, छुईहा, जमाही, बोइरगांव, पक्तिया, मडेंली, लोहझर होते हुए गुजरेगा। इस दौरान विधायक विभिन्न ग्रामों में रुककर आम जनता से मुलाकात भी करेंगे। दोपहर में छुरा के बजरंग चौक में दूसरे छोर के कार्य का शुभारंभ किया जाएगा।
नई सड़क बनने से क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा आवागमन सुगम और सुरक्षित होगा।




