Oplus_131072
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया खिलौनों का दान, 90 लोगों ने बढ़ाया सेवा अभियान का कारवां।
बुलंद टाइम्स न्यूज/अनीश मिश्रा
रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को रायपुर में सेवा और सामाजिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न अभियानों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में टॉय बैंक के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों के लिए खिलौने एकत्रित किए गए। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने टॉय बैंक में खिलौने दान कर अभियान में सहभागिता की और नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इस सेवा पहल से जुड़ने की अपील की।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक, संचालक आयुष श्री राजेंद्र कुमार कटारा एवं कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने भी टॉय बैंक में खिलौने दान किए। इनके साथ कुल 90 लोगों ने खिलौने दान कर जरूरतमंद बच्चों के लिए अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचेंगे खिलौने
टॉय बैंक में एकत्रित किए गए खिलौनों को जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य बच्चों के जीवन में खुशियां लाने के साथ-साथ उनके खेल, रचनात्मकता और सीखने की क्षमता को प्रोत्साहित करना है।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिला प्रशासन नागरिकों को सेवा कार्यों से जोड़ने और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने की दिशा में लगातार पहल कर रहा है।
एक खिलौना, एक मुस्कान
टॉय बैंक अभियान के जरिए यह संदेश दिया गया कि किसी बच्चे के लिए एक खिलौना केवल खेलने की वस्तु नहीं होता, बल्कि उसके चेहरे पर मुस्कान लाने वाली छोटी-सी खुशी भी होती है। नागरिकों द्वारा दान किए गए खिलौने जरूरतमंद बच्चों के जीवन में खुशी और अपनापन लाने का माध्यम बनेंगे।




