Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज, तमता। पत्थलगांव विकासखंड के तमता सहकारी समिति में सर्वर की तकनीकी समस्या के कारण प्रभावित हुई एग्री स्टेक की प्रक्रिया आज से पुनः शुरू हो गई है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, खरीदी केंद्र के अंतर्गत आने वाली छह ग्राम पंचायतों में 600 किसानों का विवरण लंबित होने की बात कही गई थी। हालांकि, समिति की ओर से स्पष्ट किया गया है कि पूर्व में 600 किसान की बात त्रुटिवश (गलती से) दर्ज हो गई थी, जबकि असल में 600 रकबे के हिस्सेदारों (खसरा/रकबा विवरण) का डेटा पोर्टल पर अपडेट होना बाकी था। सर्वर की तकनीकी खराबी के कारण यह अपडेशन रुका हुआ था, जिससे आगामी धान खरीदी को लेकर चिंता बनी हुई थी।
खरीदी केंद्र के ऑपरेटर मानस बंजारा ने बताया कि पोर्टल में तकनीकी खराबी के कारण रकबा अपडेट नहीं हो पा रहा था, जिसकी सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को दी गई थी। समस्या का समाधान होते ही अपडेशन का काम तेजी से शुरू कर दिया गया है।
पत्थलगांव तहसीलदार भीष्म पटेल ने पुष्टि करते हुए बताया कि आज से सभी संस्थाओं में एग्री स्टेक की प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू कर दी गई है। लंबित रकबे के जल्द अपडेट होने से किसानों को आगामी धान खरीदी में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।




