Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
बिलासपुर। जिले में अवैध रूप से निवासरत संदिग्ध व्यक्तियों की पतासाजी और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी के लिए बिलासपुर पुलिस एवं स्पेशल टास्क फोर्स (STF) द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत STF बिलासपुर ने गुरुवार, 24 सितंबर 2026 की तड़के सुबह सरकंडा क्षेत्र में दबिश देकर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उक्त व्यक्ति ने स्वयं को बांग्लादेश का मूल निवासी बताया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विशेष टास्क फोर्स द्वारा बिलासपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार छापामार कार्रवाई, जांच और संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है। लगभग 20 दिन पूर्व सिरगिट्टी थाना क्षेत्र से भी कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के बाद रायपुर स्थित होल्डिंग सेंटर भेजे जाने की कार्रवाई की गई थी। इसी दौरान संबंधित व्यक्ति वहां से निकल गया था, जिसके बाद STF द्वारा उसकी लगातार पतासाजी की जा रही थी।
सरकंडा क्षेत्र में छिपकर रहने की मिली सूचना
STF के निरीक्षक संजय शिंदे को सूचना प्राप्त हुई कि संबंधित व्यक्ति सरकंडा क्षेत्र में छिपकर किराये के मकान में रह रहा है। सूचना के आधार पर उसके आने-जाने और संभावित ठिकानों की लगातार निगरानी एवं पतासाजी की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के मार्गदर्शन तथा स्पेशल टास्क फोर्स की नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रशमीत कौर चावला के नेतृत्व में निरीक्षक संजय शिंदे और जिला विशेष शाखा की टीम ने 24 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे सूर्या विहार कॉलोनी में दबिश दी। टीम में उप निरीक्षक नरेन्द्र सिंह, आरक्षक कमल साहू एवं आरक्षक अभिषेक यादव शामिल रहे।
पुलिस के मुताबिक संबंधित व्यक्ति सूर्या विहार कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहा था। इससे पहले उसके बंगाली पारा, गली नंबर-3, सरकंडा में रहने की जानकारी भी पुलिस को मिली थी।
पूछताछ में बांग्लादेश का मूल निवासी होने की बात
दबिश के बाद पुलिस ने पूछताछ की, जिसमें व्यक्ति ने अपना नाम अतीक हुसैन पिता स्व. मोहम्मद हुसैन, उम्र 42 वर्ष बताया। पुलिस के अनुसार उसने अपना मूल पता ग्राम नाईखोने, थाना अरैहजार, जिला नारायणगंज, ढाका, बांग्लादेश बताया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में अतीक हुसैन ने बताया कि वह वर्ष 2005 में बांग्लादेश से भारत आया था। वर्ष 2005 से 2007 तक तमिलनाडु में रहने के बाद वर्ष 2007 में बिलासपुर आया। पुलिस के अनुसार बिलासपुर आने के बाद वह एनटीपीसी सीपत में BECO LIFTS PRIVATE LIMITED में लिफ्ट मेंटेनेंस का कार्य कर रहा था।
पासपोर्ट, आधार, पैन सहित कई दस्तावेज बरामद
पुलिस के अनुसार जिस किराये के मकान में वह रह रहा था, वहां टीम ने पहुंचकर उसके पास मौजूद दस्तावेजों की जांच की। इनमें इंडियन पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा नौवीं कक्षा की अंकसूची सहित अन्य दस्तावेज शामिल बताए गए हैं।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान अतीक हुसैन ने इन दस्तावेजों को गलत तरीके से बनवाए जाने की बात स्वीकार की है। मामले की जांच एवं दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया पुलिस द्वारा की जा रही है।
बांग्लादेश डिपोर्टेशन की कार्रवाई जारी
बिलासपुर पुलिस के अनुसार अतीक हुसैन के विरुद्ध बांग्लादेश डिपोर्टेशन की कार्रवाई की जा रही है। आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने तक उसे रायपुर स्थित होल्डिंग सेंटर भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही भारत में स्थित संबंधित बांग्लादेशी दूतावास को भी इसकी सूचना दिए जाने की बात पुलिस ने कही है।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने पुलिस की अपील
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति की पहचान, निवास, दस्तावेजों अथवा गतिविधियों को लेकर संदेह हो, तो इसकी जानकारी पुलिस को दी जाए। पुलिस ने नागरिकों की सुविधा के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 जारी किया है।
पुलिस ने कहा है कि अवैध रूप से निवासरत व्यक्तियों अथवा संदिग्ध गतिविधियों से संबंधित सूचना इस टोल-फ्री नंबर पर दी जा सकती है। बिलासपुर पुलिस द्वारा अवैध घुसपैठ एवं बिना वैध दस्तावेजों के निवासरत व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रखने की बात कही गई है।




