Oplus_131072
तीन चोरी के मामलों का खुलासा, मोटरसाइकिल, मोबाइल, बिजली तार और नकदी समेत संपत्ति बरामद।
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
कोटा, बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, बिजली केबल तार और नकदी सहित संपत्ति बरामद की है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे “चेतना विरुद्ध नशा” एवं “प्रहार अभियान” के तहत की गई। बिलासपुर के उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में चोरी सहित विभिन्न अपराधों में संलिप्त आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही है।
किराना दुकान से नकदी और सामान चोरी
पुलिस के मुताबिक 15 सितंबर 2026 को एक प्रार्थी ने थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम खैरझिटी स्थित उसकी किराना दुकान में खाना खाने के बाद वह दुकान के ऊपर बने कमरे में सो गया था। कमरे का दरवाजा खुला था। सुबह उठने पर दुकान के गल्ले में रखे करीब 13 हजार रुपये नकद तथा सिगरेट, राजश्री और खाई-खजाना सहित करीब 14 हजार रुपये का सामान गायब मिला। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 777/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
बिजली तार और मोबाइल चोरी की वारदात भी कबूली
इसी क्रम में ग्राम भौवाकापा में बोर के लिए लगाए गए करीब 20 मीटर बिजली केबल तार, जिसकी कीमत लगभग 7 हजार रुपये बताई गई, चोरी होने की शिकायत पर अपराध क्रमांक 824/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया।
वहीं ग्राम खरगहना स्थित गणेश पंडाल में भजन-कीर्तन के बाद सोए एक व्यक्ति का रेडमी मोबाइल फोन, जिसकी कीमत करीब 6,500 रुपये थी, चोरी हो गया। इस मामले में अपराध क्रमांक 826/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
24 घंटे के भीतर पुलिस के हाथ लगे आरोपी
पुलिस को मुखबिर से आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा और पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने मोबाइल फोन और बिजली केबल तार चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने करीब 15 दिन पूर्व ग्राम खैरझिटी की दुकान से नकदी और किराना सामग्री चोरी करने की बात भी स्वीकार की।
पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी देकर उनके निर्देशानुसार कार्रवाई की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह (रा.पु.से.) एवं एसडीओपी कोटा श्रीमती नुपूर उपाध्याय (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन में आरोपियों से पूछताछ और बरामदगी की कार्रवाई की गई।
दो माह पुरानी मोटरसाइकिल चोरी का भी खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपी विनय खुसरो और सुनील यादव ने करीब दो माह पूर्व तिफरा स्थित पुलिस क्वार्टर से हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी करना भी स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने उक्त मोटरसाइकिल को भी बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई में कुल 20 मीटर बिजली तार, एक हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, एक रेडमी मोबाइल फोन और 700 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
दो आरोपी गिरफ्तार, विधि से संघर्षरत बालक बाल संप्रेषण गृह भेजा गया
पुलिस ने मामले में विनय खुसरो पिता सत्येंद्र खुसरो, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम काठाकोनी थाना सकरी तथा सुनील यादव पिता भुवनेश्वर यादव, उम्र 26 वर्ष, निवासी बंधवापारा थाना सरकंडा को विधिवत गिरफ्तार किया है। वहीं तीसरे आरोपी विधि से संघर्षरत बालक को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत परिजनों की मौजूदगी में बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।
कोटा पुलिस ने बरामद संपत्ति को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ और जांच के आधार पर अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, सहायक उप निरीक्षक शिव कुमार साहू, आरक्षक 1136 दीप सिंह कंवर, आरक्षक 252 जलेश्वर साहू, आरक्षक 1092 सुनील पटेल सहित थाना कोटा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




