Oplus_131072
चोरी की रकम में से ₹1,116 बरामद, पूछताछ में ₹3,800 चोरी कर आग लगाने की बात कबूली; आरोपी न्यायिक रिमांड पर
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
रतनपुर। धार्मिक एवं पौराणिक नगरी रतनपुर में दुकान का ताला तोड़कर नगदी रकम चोरी करने और इसके बाद दुकान में आग लगाने के मामले में रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के चंद घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से ₹1,116 नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने दुकान से ₹3,800 चोरी करने के बाद माचिस से दुकान में आग लगाने की बात स्वीकार की है।
दुकान में आग लगने से करीब पांच लाख रुपये का नुकसान
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 25 सितंबर 2026 को प्रार्थी दुर्गा कश्यप निवासी भेंड़ीमुड़ा, रतनपुर ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि मेला ग्राउंड स्थित उसकी दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि दुकान में रखा किराना सामान, फ्रिज, कूलर, पंखा, कुर्सी-टेबल तथा डेली नीड्स का अन्य सामान पूरी तरह जल गया।
प्रार्थी के अनुसार आगजनी की इस घटना में करीब 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस ने आगजनी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शुरू की तलाश
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से महत्वपूर्ण जानकारी मिली। लोगों ने बताया कि घटना के आसपास एक संदिग्ध व्यक्ति को घूमते हुए देखा गया था। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने पुलिस टीम गठित कर संदिग्ध की पतासाजी शुरू कराई।
पुलिस टीम ने लगातार तलाश करते हुए संदिग्ध गणेश सूर्यवंशी, पिता स्व. भीमराम सूर्यवंशी, उम्र 19 वर्ष, निवासी रेस्ट हाउस के पास रतनपुर को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में चोरी और आगजनी का खुलासा
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह चोरी की नीयत से दुकान के अंदर घुसा था। दुकान के अंदर रखी पेटी से उसने ₹3,800 नगद चोरी किए। इसके बाद दुकान में रखी माचिस का इस्तेमाल कर दुकान में आग लगा दी।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की रकम में से ₹2,684 खाने-पीने में खर्च करना बताया, जबकि शेष ₹1,116 रुपये उसके पास मिले। पुलिस ने उक्त रकम को बरामद कर जब्त कर लिया।
आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने आरोपी गणेश सूर्यवंशी (19 वर्ष) को विधिवत गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी सामने आई है और पुलिस उसे आदतन बदमाश प्रवृत्ति का बताती है, जिसके पूर्व में भी जेल जाने की जानकारी है।
चंद घंटों में कार्रवाई से खुला मामला
दुकान में आग लगने की सूचना से लेकर संदिग्ध की पहचान और पूछताछ तक रतनपुर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की। पुलिस की त्वरित जांच के चलते आगजनी के पीछे चोरी की मंशा और चोरी की रकम के संबंध में जानकारी सामने आई तथा आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर पकड़ लिया गया।
इस कार्रवाई में वर्तमान थाना प्रभारी रतनपुर निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रतिभा पटेल, आरक्षक पवन ठाकुर एवं आरक्षक धीरज कश्यप की विशेष भूमिका रही।




