Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/योगेश्वर साहू
छुरा/घटारानी। जिले के प्रसिद्ध आस्था केंद्र झरझरा माता मंदिर में शारदीय नवरात्रि महापर्व को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। झरझरा मंदिर ट्रस्ट द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मंदिर परिसर और आसपास के भवनों में साफ-सफाई का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। ट्रस्ट के पदाधिकारी स्वयं व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं, ताकि नवरात्रि में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। ट्रस्ट ने बताया कि दिनांक 11 अक्टूबर से मंदिर परिसर में मनोकामना दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इस दौरान विधि-विधान के साथ जवारा बोया जाएगा। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई मनोकामना पूरी होती है, इसलिए दूर-दराज से भक्त यहां ज्योति प्रज्वलित करने आते हैं।
नवरात्रि के नौ दिनों तक मंदिर में भक्ति का विशेष माहौल रहेगा। मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन भंडारे की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही शाम के समय देवी जस गीतों का भव्य आयोजन होगा, जिसमें क्षेत्र की प्रसिद्ध जस मंडलियां माता की महिमा का गुणगान करेंगी। पूरे नौ दिन तक मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूंजेगा।
ट्रस्ट ने आगे बताया कि ज्योति बुक के लिए रसीद कटना प्रारंभ हो गया है। ज्योति की राशि 651 रुपये मात्र निर्धारित की गई है। श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर अपनी ज्योति बुक करा सकते हैं और माता रानी के दर्शन कर पुण्य के भागी बन सकते हैं।




