बुलंद टाइम्स के लिए जिला ब्यूरो चीफ अनीश मिश्रा की रिपोर्ट
रायपुर। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का रविवार को रायपुर आगमन हुआ। रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया।
एयरपोर्ट पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शरद पांडेय सहित प्रदेश पदाधिकारी एवं जिला नेतृत्व मौजूद रहा। रायपुर जिला अध्यक्ष अनीश मिश्रा, करण गोलछा, जिला उपाध्यक्ष नीलेश पांडेय, अविनाश पांडेय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया।
ROLBOL Youth Conclave में युवाओं को किया संबोधित
रायपुर प्रवास के दौरान चिराग पासवान ROLBOL Youth Conclave 2026 में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन 4 अक्टूबर 2026 को दोपहर 2 बजे पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम, जेल रोड, रायपुर में किया गया।
कार्यक्रम की थीम “युवाओं की सोच | नए भारत की दिशा” रही। इस दौरान चिराग पासवान ने युवाओं को संबोधित करते हुए उनकी ऊर्जा, सोच और देश के विकास में उनकी भूमिका पर विचार रखे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को प्रेरित करने, उनसे संवाद स्थापित करने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा।
प्रेस वार्ता में पत्रकारों के सवालों का दिया बेबाक जवाब
कार्यक्रम के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पत्रकारों के विभिन्न सवालों का स्पष्ट एवं बेबाकी से जवाब दिया। उन्होंने छत्तीसगढ़ में पार्टी संगठन को और मजबूत करने तथा प्रदेश के कार्यकर्ताओं की शीघ्र बैठक आयोजित कर आगामी कार्ययोजना तैयार करने की बात कही।
छत्तीसगढ़ में चुनाव लड़ेगी लोक जनशक्ति पार्टी
रायपुर प्रवास के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी पार्टी की रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण बात सामने आई। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने छत्तीसगढ़ में आगामी चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू करने का ऐलान किया।
पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा लंबे समय से छत्तीसगढ़ में संगठन को मजबूत करते हुए चुनाव मैदान में उतरने की मांग की जा रही थी। केंद्रीय नेतृत्व की ओर से इस दिशा में स्पष्ट घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पार्टी अब प्रदेश में संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की बैठक और आगामी चुनाव की तैयारियों को तेज करने की दिशा में आगे बढ़ेगी।
चिराग पासवान के रायपुर प्रवास के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह नजर आया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें एयरपोर्ट तक पहुंचाकर विदाई दी।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कार्यकर्ताओं ने चिराग पासवान के रायपुर प्रवास को छत्तीसगढ़ में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार एवं आगामी चुनावी तैयारियों की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया।




