बीजापुर। बीजापुर पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत थाना गंगालूर क्षेत्रांतर्गत ग्राम अंडरी में सिविक एक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस एवं ग्रामीणों के बीच आपसी विश्वास, सहयोग और समन्वय को मजबूत करना तथा ग्रामीणों की आवश्यकताओं को समझकर उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को उनकी आवश्यकतानुसार उपयोगी सामग्री वितरित की गई। वहीं, बच्चों के मनोरंजन एवं खेलकूद को प्रोत्साहित करने के लिए इनडोर गेम्स सहित अन्य खेल सामग्री प्रदान की गई। खेलकूद और मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों एवं ग्रामीणों को आनंदमय वातावरण मिला। इस दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला और उनके चेहरों पर मुस्कान बिखर उठी।

कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही, पुलिस एवं आम नागरिकों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने तथा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण मजबूत करने पर जोर दिया गया।
बीजापुर पुलिस का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जनसेवा, सहयोग और सहभागिता के माध्यम से आम नागरिकों के साथ बेहतर संबंध स्थापित करना भी है। सिविक एक्शन कार्यक्रम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से पुलिस और ग्रामीणों के बीच आपसी विश्वास को मजबूत करने तथा ग्रामीणों की जरूरतों के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्राम अंडरी में आयोजित यह कार्यक्रम सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस और ग्रामीणों के बीच संवाद, सहयोग एवं आपसी विश्वास को बढ़ावा देने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा।




