बीजापुर। कृषि विज्ञान केन्द्र बीजापुर एवं कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 30 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10:00 बजे पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त हस्तांतरण एवं कृषि विकास से संबंधित राष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गुजरात के बनासकांठा से माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कृषि विज्ञान केन्द्र बीजापुर में किया गया। कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधियों, कृषि विभाग के अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के अंतर्गत देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में ₹18,680 करोड़ से अधिक की सम्मान राशि हस्तांतरित की गई। इसके साथ ही कृषि अवसंरचना कोष के अंतर्गत विकसित 521 इकाइयों को राष्ट्र को समर्पित किया गया तथा 12 हॉर्टिकल्चर क्लस्टर्स का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा जी ने कहा कि किसानों का आर्थिक सशक्तिकरण एवं कृषि क्षेत्र का विकास देश की प्रगति के लिए अत्यंत आवश्यक है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं के माध्यम से किसानों को सीधे उनके बैंक खातों में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इससे किसानों को खेती-किसानी से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग मिलता है। उन्होंने कृषि क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार और किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के महत्व पर भी अपने विचार व्यक्त किए।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि विभाग के सभापति एवं जिला पंचायत सदस्य श्री शंकरैया मड़वी जी ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना, उन्हें कृषि के आधुनिक साधनों से जोड़ना तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से पात्र किसानों को सीधे उनके बैंक खातों में आर्थिक सहायता प्राप्त हो रही है, जिससे उन्हें खेती-किसानी से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग मिलता है।
उन्होंने आगे कहा कि बीजापुर जैसे आदिवासी एवं ग्रामीण बहुल जिले में कृषि विकास, किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना तथा कृषि आधारित आजीविका को बढ़ावा देना महत्वपूर्ण है। किसानों को शासन की योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें इनका लाभ दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्री घासीराम नाग जी ने भी किसानों के कल्याण एवं कृषि क्षेत्र के विकास के लिए संचालित योजनाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि किसानों को आर्थिक सहायता, कृषि सुविधाओं का विस्तार एवं नवीन तकनीकों से जोड़ना ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। कृषि अधोसंरचना के विकास से किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और कृषि क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री पेरे पुल्लैया जी,बीजापुर मंडल अध्यक्ष श्री अशोक राव जी सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने किसानों के हित में संचालित योजनाओं की जानकारी साझा की तथा कृषि क्षेत्र में अधोसंरचना, आधुनिक तकनीक एवं बागवानी के विस्तार के महत्व पर चर्चा की।




