रिपोर्टर- हर्ष वंकायल
पामेड़। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर को ग्राम पामेड़ में पुलिस विभाग की ओर से एकता परेड का आयोजन किया गया। तेलंगाना सीमा से लगे सुदूर अंचल के पामेड़ स्थित हाईस्कूल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस ने परेड के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया।
थाना प्रभारी (टीआई) श्री कल्याण सोनवानी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस जवानों ने एकता परेड का प्रदर्शन किया। इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों और स्कूली छात्र-छात्राओं को आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्र की एकता बनाए रखने का संदेश दिया गया।


कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती एवं दूरस्थ क्षेत्रों के ग्रामीणों तथा विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। पुलिस की इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण और एकीकरण में दिए गए योगदान से भी प्रेरित करने का प्रयास किया गया।
इस आयोजन के जरिए यह संदेश दिया गया कि देश की मजबूती उसकी एकजुटता में निहित है। एकता में शक्ति है और एकता में ही राष्ट्र की पहचान है।




