बेमेतरा/बेरला। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार, 1 नवंबर को महतारी आंगन खुड़मुड़ी में छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना कर राज्योत्सव मनाया गया। छत्तीसगढ़िया समाज, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।


इस दौरान उपस्थित लोगों ने छत्तीसगढ़ महतारी की विधिवत पूजा-अर्चना कर आरती उतारी। परिसर में जय छत्तीसगढ़ महतारी के जयकारे गूंजते रहे। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति, परंपरा और बोली-भाखा के संरक्षण के साथ छत्तीसगढ़िया अस्मिता और स्वाभिमान को बनाए रखने का संकल्प लिया गया। आयोजन के माध्यम से समाज के लोगों ने अपनी सांस्कृतिक पहचान को सहेजने और सामाजिक एकजुटता बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम में
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी बेमेतरा के पदाधिकारी एवं सदस्य, छत्तीसगढ़िया समाज और क्रांति सेना के कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




