रिपोर्ट – योगेश्वर साहू
गरियाबंद / फिंगेश्वर – ग्राम पंचायत फुलझर में अवैध महुआ शराब बिक्री का कारोबार इन दिनों चरम पर है। छुरा विकासखण्ड और थाना फिंगेश्वर क्षेत्र के इस बड़े गांव में सड़क पारा, कमार पारा, धरसा पारा और बाजार चौक में खुलेआम शराब बेची जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को कई बार सूचना देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार गांव में महिला और पुरुष दोनों के द्वारा यह अवैध कारोबार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि फोन के माध्यम से ग्राहकों को बुलाया जाता है और शराब की बिक्री की जाती है। सुबह से शाम तक शराब पीने वालों की भीड़ सड़कों पर देखी जा सकती है। कई बार नशे की हालत में लोग सड़क पर ही गिरे पड़े मिलते हैं। इससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस शराब को बनाने में केमिकल का उपयोग किया जा रहा है। जो स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है। इसके सेवन से लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। इसके बावजूद यह कारोबार बिना किसी डर के चल रहा है।
इस अवैध शराब बिक्री के कारण गांव में रोज झगड़ा लड़ाई होती है। घरों में कलह बढ़ गई है। कई परिवारों की आर्थिक स्थिति खराब हो गई है। महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान हैं। उन्होंने बताया कि शराब के कारण गांव का माहौल खराब हो रहा है। युवा वर्ग नशे की ओर जा रहा है।
ग्रामीणों ने छत्तीसगढ़ शासन और जिला प्रशासन से मांग की है कि ग्राम फुलझर में हो रही अवैध महुआ शराब बिक्री पर रोक लगाई जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। ताकि गांव में शांति व्यवस्था बनी रहे।




