राहुल के. बी. रिपोर्ट –
बीजापुर। नक्सलवाद के प्रभाव से लंबे समय तक विकास की मुख्यधारा से दूर रहे बीजापुर जिले के अंदरूनी इलाकों में अब बदलाव तेजी से दिखाई देने लगा है। सुरक्षा व्यवस्था में सुधार के साथ प्रशासन ने उन क्षेत्रों में भी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार तेज कर दिया है, जहां पहले पहुंचना चुनौतीपूर्ण माना जाता था।
पिछले तीन वर्षों में जिले के 90 से अधिक गांवों में बिजली पहुंचाई जा चुकी है, जबकि 50 से ज्यादा गांवों में विद्युतीकरण का काम अभी जारी है। इसके साथ ही जिले में एक हजार किलोमीटर से अधिक सड़कों के निर्माण पर भी काम किया जा रहा है। सड़कों और बिजली के विस्तार से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है।
अंदरूनी इलाकों में पहुंच रही विकास की रोशनी
नक्सल गतिविधियों के कारण प्रभावित रहे इलाकों में सुरक्षा वातावरण बेहतर होने के बाद प्रशासन और निर्माण एजेंसियों की पहुंच बढ़ी है। अब सड़क, बिजली और अन्य जरूरी सुविधाओं के काम उन गांवों तक भी पहुंच रहे हैं, जहां पहले विकास कार्यों को आगे बढ़ाना मुश्किल था।
प्रशासन का फोकस केवल सड़क और बिजली तक सीमित नहीं है। जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आजीविका और पर्यटन को भी विकास की प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है। ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में भी योजनाएं तैयार की जा रही हैं।


संवाद कार्यक्रम में कलेक्टर ने साझा की विकास योजनाएं
बुधवार को पत्र सूचना कार्यालय (PIB), रायपुर ने जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बीजापुर के सहयोग से गर्ल्स पोर्टा केबिन ऑडिटोरियम में विशेष वार्तालाप कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप ने जिले में चल रहे विकास कार्यों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी।
कलेक्टर ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था में सुधार के साथ प्रशासन की पहुंच बढ़ी है और इसका सीधा असर विकास कार्यों पर दिखाई दे रहा है। आने वाले समय में जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत करने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और पर्यटन के क्षेत्र में भी विस्तार पर जोर दिया जाएगा।
इस तरह बीजापुर के वे इलाके, जो कभी नक्सलवाद के कारण विकास से कटे हुए थे, अब सड़क, बिजली और अन्य सुविधाओं के जरिए तेजी से मुख्यधारा से जुड़ते नजर आ रहे हैं।




