अमरजीत सिंह बुलन्द टाईम्स न्यूज
कोरिया/बैकुंठपुर/चरचा। छठ पूजा की तैयारियों के नाम पर चरचा छठ घाट में नगरपालिका प्रशासन द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर अब गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। निर्माण के दौरान बड़ा हादसा सामने आया, जहां दो साल पुरानी सड़क अचानक धंस गई और मौके पर काम कर रही मिक्सर मशीन पलट गई। घटना आधी रात के दौरान की बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि मशीन चालक सुरक्षित बच गया और कोई जनहानि नहीं हुई।इस घटना ने नगरपालिका प्रशासन और निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा कर दिया है। जिस सड़क का निर्माण महज दो साल पहले हुआ था, वह आखिर इतनी जल्दी कैसे धंस गई? क्या सड़क निर्माण के दौरान निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन किया गया था? क्या सड़क के नीचे की मिट्टी और पुरानी पुलिया की मजबूती की जांच किए बिना ही दोबारा निर्माण शुरू करा दिया गया।
स्थानीय स्तर पर उठ रहे सवालों के अनुसार, छठ घाट तक पहुंचने वाले मार्ग पर पहले से मौजूद पुलिया की स्थिति जर्जर थी। इसके बावजूद पुलिया की मजबूती और तकनीकी स्थिति का परीक्षण कराए बिना उसके ऊपर रातोंरात सड़क निर्माण का काम शुरू कराया जाना गंभीर चिंता का विषय है। छठ पूजा नजदीक आते ही अचानक निर्माण कार्य में तेजी दिखाना प्रशासन की तैयारियों और कार्ययोजना पर भी सवाल खड़े करता है।
छठ पूजा की तैयारी या निर्माण कार्य में जल्दबाजी?
सालभर जिन व्यवस्थाओं पर ध्यान नहीं दिया गया, वे छठ पूजा नजदीक आते ही अचानक प्रशासन की प्राथमिकता बन गईं। लेकिन सवाल यह है कि क्या केवल त्योहार से पहले सड़क बना देना ही नगरपालिका की जिम्मेदारी है, या फिर निर्माण की गुणवत्ता, सुरक्षा और टिकाऊपन सुनिश्चित करना भी जरूरी है? आधी रात को निर्माण कार्य कराने और पुरानी सड़क के धंसने की घटना ने पूरे मामले की निष्पक्ष तकनीकी जांच की जरूरत पैदा कर दी है।
गुणवत्ता की जांच कराई गई, और यदि जांच में निर्माण मानकों की अनदेखी सामने आती है, तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
छठ पूजा जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है
जिम्मेदारी किसकी?
ऐसे में आनन-फानन में निर्माण कराकर औपचारिकता पूरी करने के बजाय मजबूत, सुरक्षित और टिकाऊ सड़क बनाना जरूरी है। हादसे में चालक का सुरक्षित बच जाना राहत की बात है, लेकिन अगली बार कोई बड़ा हादसा न हो, इसके लिए नगरपालिका प्रशासन को तत्काल जांच और सुधारात्मक कार्रवाई करनी चाहिए।







