रिपोर्ट — अमित दुबे
बुलन्द टाइम्स न्यूज़
रतनपुर। नगर के वार्ड क्रमांक 4 के रहवासियों के लिए बुधवार का दिन विकास की नई उम्मीद लेकर आया। वार्ड की बहुप्रतीक्षित RCC सड़क एवं नाली निर्माण कार्य, जिसकी लागत लगभग 18 लाख रुपये है, का विधिवत भूमिपूजन नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष लवकुश कश्यप एवं वार्ड पार्षद सुनील अग्रवाल (संटि) के द्वारा किया गया।
यह निर्माण कार्य वार्ड के सबसे महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल झूलेलाल मार्ग पर किया जाएगा। यह मार्ग मुख्य सड़क से शिक्षक कॉलोनी एवं बड़ी बाजार को जोड़ता है। सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही बरसात के दिनों में जल निकासी की समस्या से भी काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी, अभियंता, नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप, एल्डरमेन सुरेश सोनी, वार्ड पार्षद सुनील अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि रियाज अहमद खोखर सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना प्राथमिकता है। सड़क और नाली जैसी बुनियादी सुविधाओं से सीधे आम नागरिकों को लाभ मिलता है और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलती है।
वार्डवासियों ने लंबे समय से प्रतीक्षित इस निर्माण कार्य के शुरू होने पर खुशी जताते हुए नगर पालिका अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद के प्रति आभार व्यक्त किया। नागरिकों का कहना है कि झूलेलाल मार्ग वार्ड का प्रमुख संपर्क मार्ग है, इसलिए इसके बेहतर निर्माण से शिक्षक कॉलोनी, बड़ी बाजार सहित आसपास के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।







