अमरजीत सिंह
बुलन्द टाईम्स न्यूज
कोरिया/बैकुंठपुर – कोरिया जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के 133 विद्यालयों में विकसित भारत जीरामजी योजना के तहत बालिका शौचालय बनाए जा रहे हैं। जिला पंचायत के अनुसार, इन कार्यों के लिए 5 करोड़ 71 लाख 55 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। करीब छह विद्यालयों में निर्माण पूरा हो चुका है। शेष कार्य अगले दो महीने में पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने कहा कि विद्यालयों में पानी की सुविधा के साथ व्यवस्थित शौचालय बालिकाओं की सुरक्षा, स्वच्छता और बेहतर स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं। इन सुविधाओं से छात्राओं को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा।
ग्राम पंचायतों को निर्माण की जिम्मेदारी
जिला शिक्षा अधिकारी से प्राप्त विद्यालयों की सूची के आधार पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की मैदानी टीम ने निर्माण की जरूरत और स्थलों की उपयुक्तता की जांच की। इसके बाद सोनहत जनपद पंचायत क्षेत्र के 60 और बैकुंठपुर जनपद पंचायत क्षेत्र के 73 विद्यालयों में निर्माण को मंजूरी दी गई। संबंधित ग्राम पंचायतों को निर्माण एजेंसी बनाया गया है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री योगेन्द्र श्रीवास ने बताया कि प्रत्येक शौचालय के लिए प्राक्कलन के अनुसार औसतन 4 लाख 30 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें 59 हजार रुपये मजदूरी और 3 लाख 71 हजार रुपये निर्माण सामग्री के लिए निर्धारित हैं।







