जशपुर। नशे की हालत में तेज रफ्तार और गलत दिशा में कार चलाना लोगों की जान पर भारी पड़ गया। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के पालीडीह स्थित जिंदल बजाज मोटरसाइकिल शोरूम के सामने एक नशे में धुत कार चालक ने सड़क किनारे खड़े लोगों और वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो कारों सहित सात मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को मौके पर मौजूद लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 16 नवंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे की है। बोधलाल नायक अपने भतीजे खेमचंद नायक और अन्य साथियों सीताराम नायक व संदीप चौहान के साथ आल्टो कार से मोटरसाइकिल खरीदने पालीडीह स्थित जिंदल बजाज शोरूम पहुंचे थे। उनका दोस्त विके बंजारा भी अपनी मोटरसाइकिल से वहां आया था। सभी ने अपने वाहन शोरूम के सामने सड़क किनारे खड़े किए और मोटरसाइकिल देखने के लिए अंदर चले गए।
इसी दौरान पाकरगांव की ओर से आ रही आर्टिगा कार क्रमांक CG13AN1090 का चालक तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए गलत दिशा में सड़क के दाहिनी ओर आ गया। कार ने सड़क किनारे खड़ी स्विफ्ट डिजायर और आल्टो कार के साथ कई मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। इसके बाद शोरूम के सामने मौजूद लोगों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में खेमचंद नायक, सीताराम नायक, संदीप चौहान और विके बंजारा गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रार्थी बोधलाल नायक ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
कार डिवाइडर में फंसी तो भागने लगा आरोपी
हादसे के बाद आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन उसकी आर्टिगा कार डिवाइडर के गड्ढे में फंस गई। इसके बाद वह कार छोड़कर पैदल भागने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान घनश्याम यादव (21 वर्ष), निवासी पालीडीह धनियापारा, थाना पत्थलगांव के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, घटना के समय आरोपी नशे की हालत में था।
दो कार और सात मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त
इस दुर्घटना में कुल नौ वाहन क्षतिग्रस्त हुए। इनमें स्विफ्ट डिजायर और आल्टो कार के अलावा सात मोटरसाइकिलें शामिल हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त आर्टिगा कार को भी जब्त कर लिया है।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
मामले में पत्थलगांव पुलिस ने अपराध क्रमांक 276/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 110 और 324(2) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने और पूछताछ के बाद आरोपी घनश्याम यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
जशपुर पुलिस की वाहन चालकों से अपील
जशपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब या किसी भी प्रकार के नशे की हालत में वाहन न चलाएं। वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।







