रामेश्वर सिंह क्षत्रिय जांजगीर-चांपा
जांजगीर। अखिल विश्व गायत्री परिवार एवं यज्ञ समिति नैला-जांजगीर के तत्वावधान में आगामी 02 से 05 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले राष्ट्र शौर्य समृद्धि 108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ के लिए आज दिनांक 18 नवंबर 2026, बुधवार को यज्ञशाला निर्माण हेतु भूमि पूजन समारोह श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का आयोजन स्टेशन रोड, तैला-जांजगीर स्थित अग्रसेन भवन के सामने प्रस्तावित यज्ञ स्थल पर किया गया। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भूमि पूजन किया गया तथा एक कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन भी संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड चांपा के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर माननीय श्री संजय कुमार जोशी जी एवं प्रेसिडेंट माननीय श्री सुधाकर जी उपस्थित रहे। उन्होंने इस आध्यात्मिक एवं सामाजिक आयोजन के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
आयोजन का उद्देश्य राष्ट्र में शौर्य, समृद्धि, सद्बुद्धि, संस्कार एवं आध्यात्मिक चेतना का विस्तार करना तथा जन-जन को यज्ञ, गायत्री साधना एवं भारतीय संस्कृति से जोड़ना है।
गायत्री तीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में आयोजित होने जा रहे इस चार दिवसीय महायज्ञ में 108 यज्ञ कुण्डों के माध्यम से विश्व कल्याण, राष्ट्र की सुख-समृद्धि एवं जनमानस के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की जाएगी।
इस अवसर पर गायत्री परिवार के परिजनों, यज्ञ समिति के सदस्यों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रही। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से आगामी 02 से 05 दिसंबर तक आयोजित होने वाले 108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने की अपील की।
आयोजक: अखिल विश्व गायत्री परिवार एवं यज्ञ समिति, नैला-जांजगीर, जिला जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़)।







