बुलंद शहर न्यूज़ | राजनांदगांव
गौरव सिंह
जिला ब्यूरो चीफ – राजनांदगांव
राजनांदगांव। शहर के गोल बाजार स्थित मटन मार्केट को शिफ्ट किए जाने के मामले में अब हलचल तेज हो गई है। इस मुद्दे को लेकर शहर में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। वहीं, नगर निगम द्वारा नवीन मटन मार्केट का निरीक्षण किए जाने के बाद संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया है।
इस संबंध में राजगामी संपदा के उपाध्यक्ष मनोज निर्वाणी ने बताया कि वर्तमान में शहर में जिस तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं, उन्हीं सभी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा मटन मार्केट को शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया था। इसी निर्णय के आधार पर राजगामी संपदा को भी सूचना प्राप्त हुई थी कि मटन मार्केट को दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाना है।
उन्होंने बताया कि कल नगर निगम की टीम द्वारा नवीन मटन मार्केट का निरीक्षण किया गया और इससे संबंधित सभी लोगों को नोटिस जारी किया गया है। आगे की कार्रवाई और निर्णय इन्हीं व्यवस्थाओं एवं प्रक्रियाओं के आधार पर लिया जाएगा।
मनोज निर्वाणी ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति के साथ जबरदस्ती या बलपूर्वक कार्रवाई नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में लगभग 30 से 35 दुकानदार मांस-मटन का विक्रय करते हैं। इन सभी दुकानदारों के संबंध में नगर निगम की निर्धारित व्यवस्थाओं और नियमों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल नवीन मटन मार्केट में उपलब्ध व्यवस्थाओं और संबंधित दुकानदारों के पक्ष को ध्यान में रखते हुए आगामी निर्णय लिया जाना है। अब देखना होगा कि नगर निगम इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है।







