दंतेवाड़ा। माँ दंतेश्वरी की पावन धरा दंतेवाड़ा के लिए यह अत्यंत गौरव एवं हर्ष का विषय है कि नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन एवं शहरी पथ विक्रेताओं के हित में किए गए सराहनीय कार्यों के फलस्वरूप राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर पूरे जिले एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
दिनांक 20 नवंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य PM SVANidhi Samman Awards 2026 समारोह में केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर जी एवं केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू जी के करकमलों से यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर छत्तीसगढ़ के माननीय उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव जी के मार्गदर्शन में नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा की अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता जी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री अरुण ध्रुव जी, परियोजना अधिकारी श्री मनोज गुप्ता जी एवं प्रोग्रामर श्री अनोज यादव जी ने नई दिल्ली पहुंचकर नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा की ओर से पुरस्कार ग्रहण किया।
इस उपलब्धि पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता जी ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि इस सम्मान का वास्तविक श्रेय दंतेवाड़ा नगर के समस्त स्ट्रीट वेंडर्स, स्वनिधि हितग्राहियों एवं नगरवासियों को जाता है। यह पुरस्कार उन सभी छोटे व्यापारियों के परिश्रम, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भर बनने के संकल्प का सम्मान है। नगर पालिका परिषद आगे भी पथ विक्रेताओं को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने एवं उनके आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री अरुण ध्रुव जी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हमारा निरंतर प्रयास है कि शासन की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ नगर के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से छोटे व्यापारियों एवं पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निकाय द्वारा निरंतर कार्य किया जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त यह सम्मान पूरी टीम के समर्पण एवं सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
यह उपलब्धि केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि दंतेवाड़ा के छोटे व्यापारियों के सपनों, मेहनत और आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ते कदमों का सम्मान है। नगर पालिका परिषद के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों ने दंतेवाड़ा को राष्ट्रीय पटल पर एक नई पहचान दिलाई है।
माँ दंतेश्वरी के आशीर्वाद से दंतेवाड़ा का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है। यह सम्मान भविष्य में भी जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं नगर के सर्वांगीण विकास के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करेगा।
नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा की ओर से समस्त स्ट्रीट वेंडर्स, स्वनिधि हितग्राहियों, जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
माई दंतेश्वरी की पावन धरा को स्वच्छ एवं सुंदर बनाना हमारी प्राथमिकता है







