जबलपुर | मध्यप्रदेश के बरगी थाना अंतर्गत निगरी गांव में हुई हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। इस वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि पकड़े गए आरोपी ने अपनी उम्र से सालों बड़ी महिला के प्यार में पड़कर उसके पति को मौत के घाट उतार दिया था।
3 अगस्त की सुबह निगरी तिराहे पर झोपड़ीनुमा घर के बाहर मुकेश झारिया का शव मिला था। मुकेश के सिर, सीने और पेट में धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या की गई थी।
पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की तस्वीर के आधार पर घाना निवासी विवेक दुबे को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने परिचित मयंक त्रिपाठी और संजय चौधरी के साथ मिलकर हत्या करने का अपराध कबूल कर लिया।
दरअसल, विवेक दुबे और मृतक मुकेश की पत्नी के बीच अवैध संबंध थे और अपने संबंधों को बरकरार रखने के लिए विवेक ने मुकेश की हत्या की थी।
हत्या का खुलासा करने में सीएसपी सुनील नेम, थाना प्रभारी बरगी कमलेश चौरिया, चौकी प्रभारी सरिता पटेल और थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।



