रिपोर्ट – योगेश्वर साहू
गरियाबंद/ रायपुर साल्हेवारा। रानी दुर्गावती शासकीय महाविद्यालय साल्हेवारा में 21 नवंबर को आस-पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम धूमधाम से संपन्न हुआ। MY Bharat खैरागढ़-छुईखदान-गंडई ने इसका आयोजन किया। विषय था – नशामुक्त युवा भारत।
जिला युवा अधिकारी राजनांदगांव शुभजीत डेय के मार्गदर्शन में और एनवाईवी शिव कुमार गात्रेकर के नेतृत्व में कार्यक्रम हुआ।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार ने स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर तिलक और पुष्पमाला अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अध्यक्षता प्राचार्य नीतू डोंगरे ने की। मंच पर जिला पंचायत सदस्य हेमलता मंडावी, सांसद प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार, निजाम मंडावी और पत्रकार दिलीप शुक्ला मौजूद रहे।
सबसे बड़ी चर्चा का विषय रहे राज्यपाल शिक्षक सम्मान से सम्मानित शिक्षक तुलेश्वर कुमार सेन। विगत 20 वर्षों से नशा मुक्त भारत अभियान चला रहे सेन को MY Bharat ने सम्मानित किया।
मंच से सेन ने साफ कहा – कथनी-करनी एक हो, तभी होगा नशा मुक्त भारत अभियान सफल। एक तरफ हम खुद नशा करेंगे, नशे का प्रचार करेंगे, नशा करने वालों का साथ देंगे और दूसरी तरफ नशे के खिलाफ बोलेंगे, तो यह खुद के साथ और समाज के साथ धोखा है।

उनकी इस बात पर सभागार में देर तक तालियां बजती रहीं।
स्वास्थ्य विभाग से डॉ. प्रकाश खुंटे ने बताया कि नशा शरीर को अंदर से खोखला कर देता है। दिमाग पर असर डालता है। परिवार टूट जाता है। थाना प्रभारी सीताराम सागर ने युवाओं को अनुशासन और कानून का पाठ पढ़ाया। समाजसेवी मनोज साहू ने सामाजिक जिम्मेदारी की बात कही। आपदा प्रबंधन से मिथलेश पटेल ने सुरक्षा और जागरूकता पर जानकारी दी।
कार्यक्रम में नशामुक्ति फ्लेक्स, स्लोगन बॉक्स और हस्ताक्षर अभियान चला। विद्यार्थियों ने फ्लेक्स पर हस्ताक्षर कर नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। छात्र-छात्राओं ने नशामुक्ति पर ऐसे-ऐसे नारे लिखे कि सब देखते रह गए।
अंत में जिला पंचायत अध्यक्ष की मौजूदगी में सभी ने सामूहिक शपथ ली – हम नशे से दूर रहेंगे, परिवार और समाज को भी जागरूक करेंगे।
एनवाईवी शिव कुमार गात्रेकर ने कहा – MY Bharat युवाओं को सेवा, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का मंच है। युवाओं को इससे जुड़ना चाहिए।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
नशे को ना – जीवन को हाँ!







