अमित दुबे की रिपोर्ट | बुलन्द टाइम्स न्यूज़
रतनपुर। पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को रतनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की टीम ने आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे पकड़ने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 30 मई 2025 को महामाया चौक रतनपुर निवासी ईशांत सारथी ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक प्रार्थी अपने साथी संतोष एवं करन सारथी के साथ महामाया चौक के पास बैठकर मोबाइल देख रहा था। इसी दौरान महामाया चौक निवासी संकल्प दुबे उर्फ संकू, विकल्प दुबे उर्फ निक्कू तथा जतिन गोंड़ वहां पहुंचे।
बताया गया कि पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने करन सारथी के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उसके ऊपर बेसबॉल स्टिक, धारदार गड़ासा तथा मोटे बांस के डंडे से हमला कर दिया। हमले में करन सारथी गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर बेहोश होकर गिर पड़ा। बीच-बचाव करने पहुंचे प्रार्थी तथा अन्य लोगों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए रतनपुर पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर आरोपियों की पतासाजी शुरू की। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराने के बाद उनके निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई।
पुलिस कार्रवाई के दौरान विकल्प दुबे उर्फ निक्कू तथा तरुण कुमार को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका था, जबकि एक आरोपी फरार चल रहा था।
इसी बीच पुलिस को फरार आरोपी विकल्प दुबे उर्फ निक्कू के अपने घर आने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस ने तत्काल उसके घर पर दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
रतनपुर पुलिस की इस कार्रवाई से पुरानी रंजिश के चलते किए गए गंभीर हमले के मामले में फरार आरोपी पर भी कानूनी शिकंजा कस गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरफ्तार आरोपी:
विकल्प दुबे उर्फ निक्कू, पिता विजेन्द्र दुबे, उम्र 26 वर्ष, निवासी महामाया चौक, रतनपुर, जिला बिलासपुर।







