जिला दन्तेवाड़ा / विशेष रिपोर्ट : लता नाग
बीजापुर जिले के गंगालूर तहसील अंतर्गत दुर्गम एवं नक्सल प्रभावित ग्राम दुमरी पालनार में सीआईएसएफ जवानों ने मानवता और सेवा भावना की अनूठी मिसाल पेश की। जवानों ने अपनी जेब से पैसे एकत्रित कर ग्रामीणों और बच्चों के लिए राहत सामग्री खरीदी तथा गांव पहुंचकर उसका वितरण किया।
जवानों ने बच्चों को गर्म कपड़े, कंबल, जूते सहित जरूरत की अन्य सामग्री प्रदान की। इस दौरान जवानों ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन भी किया और ग्रामीणों से आत्मीय बातचीत की। कभी भय और नक्सली दहशत के लिए पहचाने जाने वाले इस इलाके में जवानों और ग्रामीणों के बीच विश्वास एवं अपनत्व का माहौल देखने को मिला।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में किसी के बीमार पड़ने पर अस्पताल पहुंचना भी बड़ी चुनौती है। बचेली अस्पताल लगभग 21 किलोमीटर दूर है। ऐसे कठिन हालात में जवानों का सहयोग ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत साबित हुआ।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने जवानों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जवानों ने केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय मदद और भरोसा भी दिया है।
सुरक्षा के साथ सेवा का संदेश
जवानों की इस पहल ने साबित किया कि वर्दी का मतलब केवल हथियार और सुरक्षा नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की मदद करना, उनके बीच विश्वास कायम करना और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी है।







