जिला दन्तेवाड़ा | खास रिपोर्ट
दन्तेवाड़ा, 26 नवंबर। छू लो आसमान आवासीय कोचिंग संस्थान, बालूद में एक 12वीं कक्षा के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र मूल रूप से श्यामगिरी गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि छात्र पिछले कुछ दिनों से नियमित रूप से स्कूल नहीं जा रहा था। स्कूल प्रबंधन द्वारा इस संबंध में नोटिस भी जारी किया गया था। छात्र किसी अन्य स्थान पर जाकर पढ़ाई करना चाहता था।
घटना के बाद पुलिस ने संस्थान परिसर का निरीक्षण किया। फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
गौरतलब है कि इसी वर्ष मार्च महीने में भी संस्थान में एक छात्र की आत्महत्या का मामला सामने आया था। नौ महीने के भीतर दूसरी ऐसी घटना सामने आने से संस्थान में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आवासीय संस्थानों में पढ़ने वाले बच्चों की मानसिक स्थिति, सुरक्षा और समस्याओं पर कितनी गंभीरता से ध्यान दिया जा रहा है। मामले की निष्पक्ष जांच के साथ ही विद्यार्थियों की सुरक्षा और काउंसलिंग व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता है।







