दंतेवाड़ा 27 नवंबर। निर्मल निकेतन स्कूल, कारली दंतेवाड़ा में 25 नवंबर 2026 को वार्षिक उत्सव ‘SOPHIA 2026’ बड़े ही हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ आयोजित किया गया। इस वर्ष वार्षिकोत्सव की थीम “Beyond AI – Why School?” रही। इस थीम के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभाव के बावजूद मानवीय संवेदनाएं, नैतिक मूल्य, रचनात्मकता और शिक्षा का महत्व सदैव बना रहेगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री चंद्रमोहन सिंह (IPS), पुलिस अधीक्षक, दंतेवाड़ा, विशिष्ट अतिथि के रूप में बिशप जोसेफ कोलमपरम्बिल CMI, विशेष अतिथि श्री प्रमोद ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी, दंतेवाड़ा तथा कार्यक्रम के अध्यक्ष फादर थॉमस CMI, विकर प्रोविंशियल उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य फादर बिजू सेबेस्टियन सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
अतिथियों का स्वागत विद्यालय के विद्यार्थियों एवं स्कूल बैंड की मनमोहक ध्वनि द्वारा किया गया। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन एवं प्रार्थना नृत्य के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। नृत्य, संगीत, नाटक एवं विभिन्न रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने भारतीय संस्कृति, मानवीय मूल्यों, आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बीच संबंध को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। विशेष रूप से AI और मानवीय संवेदनाओं पर आधारित प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का ध्यान आकर्षित किया।

विद्यालय के प्राचार्य फादर बिजू सेबेस्टियन ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री चंद्रमोहन सिंह (IPS) द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा दसवीं के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विशेष अतिथि प्रमोद ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी, दंतेवाड़ा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उपलब्धियां प्राप्त करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन, रचनात्मकता और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास करना भी है।
अन्य अतिथियों ने भी विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया गया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों, उत्साह और रचनात्मकता ने ‘SOPHIA 2026’ को एक यादगार आयोजन बना दिया।







