बीना मध्यप्रदेश| बीना पुलिस ने रीवा के कुख्यात अपराधी के लिए शहर से गिरफ्तार किया है, जो देसी कट्टा लेकर किसी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से बीना आया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।थाना प्रभारी अनूप यादव ने बताया कि आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए एसपी विकास सहवाल के निर्देश पर एएसपी डॉ. संजीव उइके, एसडीओपी नितेश पटेल के मार्गदर्शन में लगातार काम किया जा रहा है।
इसी के तहत 31 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गांधी चौराहा के पास रेलवे स्टेशन से ओवरब्रिज पर स्टेशन तरफ से आ रहा है और बैग में कट्टा लिए हुए है। जानकारी लगते ही जैसे ही पुलिस वहां पहुंची, तो वह पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम वासूदेव उर्फ आकाश पिता ब्रम्हदेव दुबे (33) निवासी भडरा रीवा बताया।
पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से एक देसी कट्टा कीमत दस हजार रुपए, चार जिंदा कारतूस जब्त किए गए। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी के ऊपर रीवा जिले में हत्या सहित विभिन्न धाराओं में अन्य मामले दर्ज हैं। एक हत्या के मामले में बरी होने के बाद कई अन्य अपराधों को अंजाम दिया था, जिसकी फरारी काटने के लिए वह बीना आया था।




