डे नारायण सिंह बघेल की रिपोर्ट:-
नारायणपुर | नारायणपुर पुलिस के प्रयास व शासन की नीतियो से प्रभावित होकर प्रतिबंधित माओवादी संगठन कुतुल एरिया कमेटी अन्तर्गत सप्लाई टीम कमाण्डर के पद पर 13 वर्ष से कार्यरत नक्सली सोनवा उर्फ डोसेल सलाम एवं कोडलियार जनताना सरकार स्कूल विभाग सदस्या के पद पर 09 वर्ष से कार्यरत महिला नक्सली आरती सलाम दोनों (पति-पत्नि) निवासीगण ग्राम ऐनमेटा थाना नारायणपुर क्षेत्र के द्वारा आज दिनांक 05.09.2024 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधीक्षक नारायणपुर प्रभात कुमार (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया (भा.पु.से.) एवं डॉ. प्रशांत देवांगन उप पुलिस अधीक्षक नारायणपुर के समक्ष बिना हथियार के आत्मसमर्पण किया गया। आत्मसमर्पित नक्सलियों को शासन की नक्सल उन्मूलन नीति के तहत 25-25 हजार रूपये प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया गया हैं।
नक्सलियों द्वारा क्षेत्र के युवा-युवतियों को शासन-प्रशासन के विरूद्ध भड़का कर, जल- जंगल-जमीन के नाम से भोले-भाले आदिवासियों को बहकाकर एवं संगठन में नहीं जुड़ने पर गांव से भगाने की धमकी देकर जबरन संगठन में शामिल कर अपनी खोखली विचारधारा के साथ इनका शोषण किया जाता रहा है। नारायणपुर पुलिस द्वारा माओवादी की खोखली विचारधारा से ग्रामीणों को मुक्त कराने तथा क्षेत्र में विकास कराने के उद्देश्य से ‘‘माड़ बचाव’’ अभियान के अन्तर्गत क्षेत्र में सघन नक्सल विरोधी अभियान संचालित किया जा रहा है।
नारायणपुर पुलिस के द्वारा लगातार क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है वही दूसरी ओर छत्तीसगढ़ शासन की नक्सल उन्मूलन नीति/नियत नेल्लानार का भी क्षेत्र में वृहत रूप से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। माड़ क्षेत्र में नवीन कैम्प स्थापित होने से विकास कार्याें में तेजी आई है। वर्ष 2024 से सुरक्षा बलों द्वारा नक्सलियों के गढ़ क्षेत्रों में आक्रामक रणनीति के तहत् नक्सल विरोधी अभियान संचालित कर माओवादी संगठन को बड़ा नुकसान पहुंचाया गया है, जिससे माओवादियों में भय का माहौल बना हुआ है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 में अब तक 34 बड़े एवं मध्यम कैडरों के माओवादियों को सुरक्षा बलों द्वारा मुठभेड़ में मार गिराया गया है। जिसमें एसजेडसाी, कम्पनी नम्बर 01, कम्पनी नम्बर 06, कम्पनी नम्बर 05 तथा डीवीसीएम/एसीएम रेंक तथा एरिया कमेटी स्तर के नक्सली शामिल है। नक्सलियों के विरूद्ध लगातार कार्यवाही से नक्सलियों में भय व्याप्त है तथा बड़ी संख्या में नक्सली संगठन छोड़कर भाग रहे है। जिला नारायणपुर में वर्ष 2024 में अब तक कुल 07 माओवादियों द्वारा आत्मसमर्पण किया जा चुका है।
आज दिनांक 05.09.2024 को कुतुल एरिया सप्लाई टीम कमाण्डर सोनवा उर्फ डोसेल सलाम एवं उसकी पत्नि आरती सलाम कोडलियार जनताना सरकार स्कूल विभाग सदस्या का आत्मसमर्पण इसी का परिणाम है। आत्मसमर्पित नक्सली सोनवा उर्फ डोसेल सलाम नक्सलियो के बहकावे में आकर नक्सली संगठन से जुड़कर 13 वर्षो से एवं उसकी पत्नि आरती सलाम 09 वर्षो से कार्यरत रहते हुए थाना नारायणपुर, कुकड़ाझोर, सोनपुर क्षेत्रान्तर्गत घटित विभिन्न नक्सली गतिविधियांे में शामिल रहे हैं।
अंदरूनी क्षेत्र में पुलिस कैम्प खुलने एवं लगातार नक्सल विरोधी अभियान संचालित होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ी है और नक्सलियों के खोखले विचारधारा व क्रूर नीति से बाहर निकलकर समाज के मुख्य धारा जुड़ने के लिए प्रेरित हो रहें है। आने वाले समय में और भी नक्सलियों के संगठन छोड़कर आत्मसमर्पण करने की गोपनीय आसूचना है।
पुलिस अधीक्षक नारायणपुर प्रभात कुमार (भा.पु.से.) ने नक्सल संगठन से जुड़े ग्राम स्तर/पंचायत स्तर/एरिया स्तर के लोकल कैडरों से अपील किया गया कि वे भय मुक्त होकर आत्मसमर्पण कर शासन की पुर्नवास योजना का लाभ लेवें और समाज की मुख्य धारा में जुड़कर नये जीवन की शुरूवात करें। आत्मसमर्पित नक्सलियों को शासन की ‘‘नक्सल उन्मूलन नीति’’ के तहत सभी प्रकार की सुविधाये प्रदाय की जायेंगी।




