सौरभ सिंह ठाकुर की रिपोर्ट :-
रायपुर/महासमुंद। CGPSC परीक्षा से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में CBI ने बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर और महासमुंद में कुल 5 ठिकानों पर एक साथ दबिश देकर CBI ने कई अहम दस्तावेज और तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं।
जल्द ही दो और बड़ी गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है। यह छापेमारी सुबह शुरू हुई और देर शाम तक चली। अधिकारियों के अनुसार, इस दौरान कई संवेदनशील दस्तावेज और तकनीकी साक्ष्य बरामद किए गए हैं, जो घोटाले की जड़ तक पहुंचने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
CBI की टीम ने छापेमारी की शुरुआत महासमुंद जिले से की, जहां सरकारी डॉक्टर के निवास, अभ्यारण के गेस्ट हाउस, और एक स्थानीय कोचिंग संस्थान को निशाना बनाया गया।
इसके बाद टीम रायपुर पहुंची और सिविल लाइन स्थित एक प्रतिष्ठित कोचिंग इंस्टीट्यूट, साथ ही फूल चौक इलाके में स्थित एक निजी होटल पर भी दबिश दी।सूत्रों के अनुसार, यह होटल उन अभ्यर्थियों और आरोपियों के ठहरने का स्थान रहा है, जिन पर CGPSC परीक्षा में गड़बड़ी के आरोप हैं।
CBI अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी के दौरान कंप्यूटर हार्ड डिस्क, मोबाइल फोन, दस्तावेजों के बंडल, और हस्तलिखित नोट्स बरामद किए गए हैं। ये सभी सबूत परीक्षा में हेरफेर, अनुचित मदद और आर्थिक लेन-देन से संबंधित हो सकते हैं।अधिकारियों ने बताया कि सभी सबूतों की फॉरेंसिक जांच की जाएगी। इसके अलावा, कुछ संदिग्धों के बैंक अकाउंट्स और कॉल डिटेल्स को भी खंगाला जा रहा है।



